बचपन प्ले स्कूल में धूमधाम से मनाया गया वार्षिक उत्सव, बच्चों ने बिखेरी प्रतिभा की छटा

Share your love

Mediawali news,Noida

 रंगारंग कार्यक्रमों से सजा समारोह

नोएडा के सेक्टर-116 स्थित बचपन प्ले स्कूल में वार्षिकोत्सव समारोह बड़े ही उत्साह और धूमधाम के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नोएडा प्राधिकरण एम्प्लाइज एसोसिएशन के उपाध्यक्ष धर्मेन्द्र शर्मा ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने नृत्य, गीत और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया, जिसे अभिभावकों और अतिथियों ने खूब सराहा।

कार्यक्रम में विद्यालय परिसर उत्सव के रंग में रंगा नजर आया। बच्चों की मासूम अदाएं और आत्मविश्वास से भरी प्रस्तुतियां दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहीं। इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन ने बच्चों के समग्र विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई।

 शिक्षा के साथ संस्कारों पर दिया जोर

मुख्य अतिथि धर्मेन्द्र शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय बच्चों की शिक्षा के साथ-साथ उनके संस्कारों की मजबूत नींव तैयार कर रहा है। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में वही बच्चा आगे बढ़ेगा, जिसकी बुनियाद मजबूत होगी। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों को मोबाइल फोन से दूर रखें और उनके मानसिक व शारीरिक विकास पर विशेष ध्यान दें। साथ ही उन्होंने बच्चों को बचपन से ही अध्यात्म और सामाजिक मूल्यों की शिक्षा देने पर जोर दिया।

विशिष्ट अतिथि शर्मिला शर्मा ने भी विद्यालय के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि बचपन प्ले स्कूल बच्चों के उज्ज्वल भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। विद्यालय के निदेशक बादल अग्रवाल ने कार्यक्रम की सफलता पर खुशी व्यक्त की, वहीं प्रधानाचार्या शामली गुप्ता ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और स्टाफ का आभार जताया।

इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे, जिन्होंने कार्यक्रम का आनंद लिया और बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us