मीडिया वाली

Youtube Live
ब्रेकिंग न्यूज़
नवीनतम समाचार लोड हो रहे हैं...

विदेशी साइबर ठगों को खाते उपलब्ध कराने वाला आरोपी गिरफ्तार

करोड़ों के लेनदेन और देशभर से दर्ज थीं शिकायतें

नोएडा।
नोएडा साइबर क्राइम थाना पुलिस ने विदेशी साइबर ठगों को कमीशन पर बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले एक जालसाज को गिरफ्तार किया है। आरोपी के बैंक खाते में करोड़ों रुपये के संदिग्ध ट्रांजेक्शन सामने आए हैं। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ देश के सात राज्यों से 15 शिकायतें एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज हैं।

शेयर ट्रेडिंग के नाम पर हुई बड़ी ठगी

डीसीपी साइबर क्राइम शैव्या गोयल ने बताया कि नोएडा सेक्टर-50 निवासी रीना तिवारी से शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे का लालच देकर 5.6 करोड़ रुपये ठगे गए थे। इसी तरह सेक्टर-76 निवासी आई.जी. गहलोत से 55 लाख रुपये की ठगी की गई थी। दोनों मामलों में पीड़ितों ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।

जांच में खुली बैंक खातों की कड़ी

पुलिस ने जांच के दौरान उन बैंक खातों की जानकारी जुटाई, जिनमें ठगी की रकम ट्रांसफर हुई थी। इसी आधार पर पहले मेरठ निवासी साहब सिंह और नीरज को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। पूछताछ में एक और व्यक्ति का नाम सामने आया, जिसके खाते में ठगी की रकम पहुंची थी।

10 प्रतिशत कमीशन पर दिया खाता

पुलिस ने संभल जिले के शाहपुर सिरपुरा गांव से मोहम्मद फैजान को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बताया कि मेरठ निवासी चरणजीत ने उसे 10 प्रतिशत कमीशन का लालच देकर बैंक ऑफ बड़ौदा में करंट खाता खुलवाया। खाता खुलने के बाद एटीएम, चेकबुक और अन्य जानकारी ठगों को सौंप दी गई।

होटल में रुकवाकर किया भुगतान

आरोपी ने बताया कि उसे दिल्ली बुलाकर तीन दिन होटल में ठहराया गया और खाते के बदले दो किस्तों में 75 हजार रुपये दिए गए। बाद में उसी खाते में ठगी के करीब 70 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए।

सात राज्यों से दर्ज हैं शिकायतें

पुलिस के अनुसार आरोपी के खाते से महाराष्ट्र, गुजरात, पश्चिम बंगाल, केरल, झारखंड, ओडिशा और तमिलनाडु से जुड़ी 15 शिकायतें एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज हैं। पुलिस अब मुख्य सरगना चरणजीत की तलाश कर रही है और पूरे साइबर गिरोह का नेटवर्क खंगालने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios