उत्पीड़न के आरोप में ससुराल पक्ष पर केस, दहेज और घरेलू हिंसा का लगाया आरोप

Share your love

नोएडा।
पर्थला खंजरपुर गांव निवासी एक महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना और घरेलू हिंसा के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता की शिकायत पर सेक्टर-113 थाना पुलिस ने पति, ससुर, ननंद समेत कुल सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शादी में 30–35 लाख खर्च करने का दावा

पीड़िता प्रियंका सिंह ने पुलिस को बताया कि उनकी शादी 21 अप्रैल 2024 को ग्रेटर नोएडा सेक्टर-1 स्थित राइज फरेस्ट फ्लोर्स, टेक जोन सोसायटी निवासी सार्थक पाल से सेक्टर-70 के एक मैरिज हॉल में हुई थी। शादी में उनके पिता ने करीब 30 से 35 लाख रुपये खर्च किए थे। इसके अलावा सोने-चांदी के आभूषण, कीमती कपड़े और कार के लिए 6 लाख रुपये की एफडी भी दी गई थी।

शादी के बाद बढ़ी दहेज की मांग

प्रियंका का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष कार न देने और दहेज कम होने को लेकर ताने देने लगा। पति, सास-ससुर और ननदें मिलकर 6 लाख रुपये की एफडी के पैसे अपने नाम करवाने का दबाव बनाने लगे। पीड़िता का कहना है कि ससुराल वालों की लगातार दखलअंदाजी के कारण पति का व्यवहार उसके प्रति बदलता चला गया।

मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के आरोप

पीड़िता ने बताया कि पति उस पर शक करता था, उसका मोबाइल फोन चेक करता और मायके वालों से बात करने से रोकता था। 9 अप्रैल 2025 को हुए झगड़े के दौरान पति ने गुस्से में उसका 90 हजार रुपये कीमत का मोबाइल तोड़ दिया। प्रियंका का आरोप है कि गर्भावस्था के दौरान पति ने उसके पेट पर लात मारी, जिससे उसे गंभीर शारीरिक और मानसिक पीड़ा हुई। इलाज और मेडिकल खर्च का भी कोई ध्यान नहीं रखा गया।

मायके छोड़कर घर के ताले बदलने का आरोप

प्रियंका के अनुसार, भैया दूज के मौके पर ससुराल वाले उसे मायके छोड़ गए और बाद में वापस ले जाने से इनकार कर दिया। आरोप है कि इसके बाद घर के ताले बदल दिए गए और उसके गहने भी ससुराल पक्ष ने अपने पास रख लिए। इतना ही नहीं, बाद में पति की ओर से तलाक का केस भी दायर कर दिया गया।

पति के साथ रहने की इच्छा

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह अब भी अपने पति के साथ रहना चाहती है, लेकिन ससुराल पक्ष उसे अपनाने को तैयार नहीं है। सेक्टर-113 थाना पुलिस का कहना है कि महिला की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us