शिवराजपुर में युवक पर हमला, मारपीट कर 20 हजार रुपये लूटे
घर लौट रहे युवक को बदमाशों ने घेरा
Mediawali news,kanpur
कानपुर के शिवराजपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक युवक पर हमला कर बदमाशों ने नगदी लूट ली। हमलावरों ने युवक की बाइक में डंडा मारकर उसे सड़क पर गिरा दिया और फिर लात-घूंसों व डंडों से जमकर पिटाई की। घटना में युवक के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं ग्रामीणों ने पुलिस गश्त व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं।
बाबा के निधन की सूचना पर घर लौट रहा था युवक
जानकारी के अनुसार औरावरी गांव निवासी अवधेश गुड़गांव में नौकरी करते हैं। बाबा के निधन की सूचना मिलने पर वह घर लौट रहे थे। शुक्रवार रात करीब 11 बजे वह गांव की ओर जा रहे थे। आरोप है कि लक्ष्मणपुर मिश्रान गौरी मोड़ के पास पहले से घात लगाए बैठे महेंद्र, लवलेश और दो अन्य लोगों ने उन्हें रोक लिया।
बाइक गिराकर की जमकर मारपीट
पीड़ित के मुताबिक हमलावरों ने पहले उनकी बाइक में डंडा मारकर उन्हें सड़क पर गिरा दिया। इसके बाद आरोपियों ने लात-घूंसों और डंडों से उनकी बेरहमी से पिटाई की। मारपीट के दौरान युवक के चेहरे और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। बदमाशों ने उसके पास मौजूद करीब 20 हजार रुपये नकद भी छीन लिए।
जरूरी दस्तावेज भी लेकर फरार
पीड़ित ने बताया कि बदमाश उसके पर्स में रखा पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य जरूरी दस्तावेज भी लेकर फरार हो गए। विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। इसी दौरान पीछे से एक राहगीर आता दिखाई दिया, जिसके बाद आरोपी मौके से भाग निकले।
डायल 112 पर दी सूचना
घायल युवक ने किसी तरह खुद को संभाला और तुरंत डायल 112 पर घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। बाद में पीड़ित ने थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दी।
पुलिस जांच में जुटी
थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। घटना के बाद ग्रामीणों ने क्षेत्र में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि लगातार हो रही घटनाओं से इलाके में डर का माहौल बना हुआ है।