मीडिया वाली

Youtube Live
ब्रेकिंग न्यूज़
नवीनतम समाचार लोड हो रहे हैं...

शिकायतों के निस्तारण में गौतमबुद्धनगर पुलिस प्रदेश में अव्वल

Tags:

सभी 27 थानों ने भी हासिल की पहली रैंक

Mediawali news, noida

नोएडा पुलिस ने जनशिकायतों के त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के मामले में प्रदेशभर में पहला स्थान हासिल किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी जून 2026 की आईजीआरएस (एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली) मूल्यांकन रिपोर्ट में यह सफलता मिली है। इस बार जिले के सभी 27 थानों ने भी अपने-अपने स्तर पर प्रथम रैंक हासिल कर उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने सभी थानों के प्रभारी और आईजीआरएस प्रभारी को पुरस्कृत करने की बात कही है।

पुलिस कमिश्नर के नेतृत्व में कमिश्नरेट पुलिस ने शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के साथ-साथ शिकायतकर्ताओं से संपर्क स्थापित करने तथा फीडबैक प्राप्त करने के मामले में भी पूरे प्रदेश में सर्वोच्च स्थान हासिल किया है। अधिकारियों का कहना है कि यह उपलब्धि पुलिसिंग में पारदर्शिता, जवाबदेही और नागरिकों के प्रति संवेदनशील कार्यशैली का परिणाम है।कमिश्नरेट स्तर पर आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की नियमित और प्रभावी निगरानी की जाती है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह स्वयं प्रत्येक माह के हर शुक्रवार को आईजीआरएस से संबंधित शिकायतों की समीक्षा बैठक करती हैं। इस दौरान लंबित मामलों, शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता, समयसीमा और शिकायतकर्ताओं से प्राप्त फीडबैक की विस्तार से समीक्षा की जाती है। समीक्षा के दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जाते हैं, जिससे प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष और समयबद्ध समाधान हो सके।लगातार मॉनिटरिंग, जवाबदेही तय करने और शिकायतों की मौके पर जाकर जांच कराने की व्यवस्था का ही परिणाम है कि कमिश्नरेट लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। शिकायतों के निस्तारण के बाद संबंधित अधिकारी शिकायतकर्ताओं से सीधे संपर्क स्थापित करते हैं और उन्हें की गई कार्रवाई की जानकारी देते हैं। साथ ही उनसे फीडबैक भी प्राप्त किया जाता है। इस प्रक्रिया के चलते कमिश्नरेट पुलिस का फीडबैक प्रदर्शन शत-प्रतिशत दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सर्वोच्च रहा।

लोग घर बैठे कर सकते हैं शिकायत

आईजीआरएस पोर्टल उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा नागरिकों की शिकायतों के ऑनलाइन पंजीकरण और उनके निस्तारण के लिए विकसित एक महत्वपूर्ण मंच है। इस पोर्टल के माध्यम से लोग घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं और उसकी प्रगति की जानकारी भी प्राप्त कर सकते हैं। निर्धारित समय सीमा में शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण समाधान से प्रशासन के प्रति जनता का विश्वास मजबूत होता है और जवाबदेह शासन व्यवस्था को बढ़ावा मिलता है।

निरंतरता रहेगी बरकरार

पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने कहा कि भविष्य में भी जनशिकायतों के त्वरित, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। प्रत्येक शिकायतकर्ता को समय पर प्रभावी पुलिस सहायता उपलब्ध कराने तथा शिकायतों के समाधान में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे। अधिकारियों ने इस उपलब्धि का श्रेय पुलिस कमिश्नर के नेतृत्व, अधिकारियों और कर्मचारियों की टीमवर्क तथा शिकायत निवारण प्रक्रिया में अपनाई गई जवाबदेह कार्यप्रणाली को दिया है। कमिश्नरेट पुलिस का लक्ष्य आगे भी इसी स्तर के प्रदर्शन को बनाए रखते हुए लोगों को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios