संदिग्ध परिस्थितियों में नवविवाहिता की मौत, मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
Mediawali news, kanpur
कानपुर नगर। जिले के Shivrajpur थाना क्षेत्र के मदनपुर गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है।
मृतका की पहचान
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान पायल उर्फ रुचि गौतम (22) के रूप में हुई है, जो मदनपुर गांव की निवासी और रजनीश की पत्नी थी। वह Kakupur Rabban निवासी सियाराम की पुत्री थी। घटना की सूचना कंट्रोल रूम के माध्यम से पुलिस को मिली, जिसके बाद थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
परिजनों ने लगाया दहेज उत्पीड़न का आरोप
मृतका के भाई राम लखन और अन्य परिजनों ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा लगातार दहेज की मांग की जा रही थी। परिजनों का कहना है कि इसी कारण पायल को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।
हाल ही में दिया था बच्चे को जन्म
परिजनों के मुताबिक 20 फरवरी 2026 को ऑपरेशन के जरिए पायल ने एक बच्चे को जन्म दिया था। उनका आरोप है कि प्रसव के बाद उसकी ठीक तरह से देखभाल और इलाज नहीं कराया गया, जिसके चलते उसकी हालत बिगड़ गई और संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
पुलिस जांच में जुटी
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने फील्ड यूनिट को मौके पर बुलाकर जांच कराई और शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस का कहना है कि अभी तक इस मामले में कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।