पैर पड़कर मिन्नतें करती रहीं बेटियां, दोनों हाथों में चाकू लेकर करता रहा वार

- पहले लड़की के पिता को मारने के लिए झुका, मां बचाने के लिए सामने आई थीं

Share your love
Mediawali news, Noida

सेक्टर-5 हरौला में शनिवार रात सिरफिरे युवक ने हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद फिल्मी स्टाइल में फरार होने में कामयाबी हासिल की। पुलिस अब तक उसे पकड़ नहीं पाई है। वहीं घटना में अब नई जानकारी सामने आई है कि आरोपी के दोनों हाथों में चाकू थे। आरोपी छत की तरफ से कमरे में घुसा था। सबसे पहले उसने लड़की के पिता को मारने की कोशिश की। मां बचाने के लिए सामने आ गईं तो आरोपी ने उनके गर्दन और सीने पर दोनों हाथों से चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। महिला बेहोश होकर जमीन पर गिर गईं। इतने में दोनों बेटियां युवक के पैर पकड़कर पिता को नहीं मारने की मिन्नतें करने लगीं। लेकिन उसके दिल में दया नहीं आई और उसने पिता के चेहरे, गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों पर कई वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वहीं जिस युवती से शादी करने की जिद में उसने वारदात को अंजाम दिया, उसे भी आरोपी ने नहीं छोड़ा। फिलहाल पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। उसकी तलाश में टीमें लगी हुई हैं।

गौर सिटी निवासी भुपेंद्र शर्मा ने केस दर्ज कराया है। उन्होंने बताया कि उनके बड़े भाई सुरेंद्र शर्मा सेक्टर 5 हरोला में रहते हैं। शनिवार रात बरेली निवासी हरनाम सिंह ने चाकू से उनके परिवार पर हमला किया था। घटना रात करीब एक बजे की है। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, कमरों में कूलर चल रहे थे, इसलिए लड़कियों की चीख-पुकार लोगों को सुनाई नहीं दी। हालांकि कुछ लोग बाहर निकले, लेकिन तब तक आरोपी लड़की और उसके माता-पिता पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर चुका था। महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिता और युवती को गंभीर हालत में सेक्टर-39 जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां से उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल पिता और बेटी का इलाज नोएडा सेक्टर-27 के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। वारदात के बाद आरोपी लोगों को चाकू दिखाते हुए फिल्मी स्टाइल में सीढ़ियों से नीचे उतरा और आसानी से फरार हो गया। जबकि जिस मकान में घटना हुई, उसमें 200 से अधिक परिवार रहते हैं।

मूल रूप से बिहार निवासी पीड़ित परिवार सुरेंद्र शर्मा, पत्नी संजू देवी और दो बेटियों के साथ कमरे के बाहर गलियारे में सो रहा था। सुरेंद्र की बड़ी बेटी पर एक युवक जबरन शादी का दबाव बना रहा था। परिवार वालों ने उसे मना कर दिया था। इसी बीच उसे पता चला कि लड़की की शादी कहीं और तय की जा रही है। इसके बाद शनिवार रात युवक बगल की छत से उनके कमरे के सामने गलियारे में पहुंच गया। सुरेंद्र की छोटी बेटी ने बताया कि छत से किसी के आने की आहट सुनाई दी थी, लेकिन परिवार को लगा कि कोई और होगा। तभी युवक उनके पास आ गया और सबसे पहले सुरेंद्र को मारने के लिए झुका। संजू देवी उसे पकड़ने के लिए आगे आई थीं। छोटी बेटी के मुताबिक, आरोपी ने उसकी मां के सीने और गर्दन पर वार किए। फिर उसके पिता को मारा और अंत में बड़ी बहन को घायल कर दिया। इस दौरान छोटी और बड़ी दोनों बेटियां युवक का पैर पकड़कर उससे नहीं मारने की मिन्नतें करती रहीं। आरोपी ने छोटी बेटी पर चाकू से हमला नहीं किया, लेकिन उसके पैर में भी चोट आई है।

पुलिस ने सैकड़ों सीसीटीवी कैमरे खंगाले

पुलिस ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए घटनास्थल से लेकर रोडवेज, मेट्रो स्टेशन और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए हैं। करीब 80 से अधिक कैमरों की फुटेज देखने के बाद भी आरोपी पुलिस की पकड़ में नहीं आया है। साथ ही पुलिस आरोपी के ठिकानों का भी पता लगा रही है। जानकारी के मुताबिक, उसका एक भाई सेक्टर-5 हरौला में रहता है। पुलिस ने उससे भी पूछताछ की है, हालांकि अधिकारी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं कर रहे हैं।

Saurabh Yadav
Saurabh Yadav
Articles: 62

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us