ऑनलाइन गेमिंग वेबसाइट के जरिए सट्टा खिलाने का बड़ा खेल

Share your love
  • बंगाल निवासी वेबसाइट मलिक के खिलाफ नोएडा साइबर थाने में केस दर्ज

Mediawali news, Noida

इंटरनेट और सोशल मीडिया के बढ़ते इस्तेमाल के बीच अब ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए का नेटवर्क भी तेजी से फैलता जा रहा है। इसी कड़ी में एक बड़ा मामला सामने आया है, जिसमें पश्चिम बंगाल का रहने वाला एक व्यक्ति ऑनलाइन गेमिंग वेबसाइट के जरिए लोगों को सट्टा खेलने और खिला कर रुपये ऐंठने का आरोप लगा है। मामले को गंभीर मानते हुए सेक्टर 108 साइबर सेल की टीम ने साइबर क्राइम थाना सेक्टर-36 में उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुट गई हैं।

डीसीपी साइबर सुरक्षा शैव्या गोयल ने बताया कि आरोपी सौरव बिस्वास उर्फ माइकल विश्वास नाम का व्यक्ति इंटरनेट के जरिए ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म चलाकर आम लोगों को जोड़ रहा है। वह बंगाल के 24 परगना के श्रीपाल्ली बाजार के रहने वाला है। आरोपी अपनी वेबसाइट के माध्यम से प्रतिबंधित जुआ और सट्टेबाजी का संचालन कर रहा है। इतना ही नहीं, वेबसाइट के प्रचार-प्रसार के लिए वह अन्य कई साइटों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का भी इस्तेमाल कर रहा है, जिससे ज्यादा से ज्यादा लोगों को इस अवैध गतिविधि में जोड़ा जा सके। आरोपी ऑनलाइन माध्यम से लोगों से धनराशि का लेन-देन कराता है और उन्हें गेमिंग के नाम पर सट्टा खेलने के लिए उकसाता है। इससे न सिर्फ लोगों के पैसे डूबने का खतरा है, बल्कि धोखाधड़ी और अवैध आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल रहा है। शिकायतकर्ता का कहना है कि यह पूरा नेटवर्क योजनाबद्ध तरीके से संचालित किया जा रहा है और इसमें बड़ी संख्या में लोग फंस सकते हैं।

उन्होंने ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला गंभीर प्रतीत हो रहा है। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए जुआ खिलाना भारतीय कानून के तहत दंडनीय अपराध है। पुलिस का मानना है कि अगर समय रहते ऐसे नेटवर्क पर कार्रवाई नहीं की गई, तो यह आम जनता के लिए बड़ा खतरा बन सकता है।

तहरीर में यह भी अनुरोध किया गया है कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू की जाए, ताकि ऑनलाइन जुए के इस गिरोह पर रोक लगाई जा सके। पुलिस अब तकनीकी साक्ष्य जुटाने और वेबसाइटों की जांच करने की तैयारी में है। साइबर विशेषज्ञों का कहना है कि लोगों को किसी भी अनजान ऑनलाइन गेमिंग या सट्टा वेबसाइट से सावधान रहना चाहिए। लालच में आकर पैसे निवेश करने से पहले पूरी जानकारी लेना जरूरी है।

Anjali Priya
Anjali Priya
Articles: 215

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us