ओडिशा से गांजा लाकर दिल्ली-एनसीआर में कार से सप्लाई करने वाला तस्कर दबोचा गया

Share your love

 

एक्सप्रेसवे थाना पुलिस ने 18 किलो गांजा और कार की जब्त, कीमत करीब 3.5 लाख रुपये

नोएडा और दिल्ली-एनसीआर में ऑन-डिमांड कार से गांजा सप्लाई करने वाले एक तस्कर को एक्सप्रेसवे थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 18 किलो गांजा और एक स्विफ्ट कार बरामद की है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब साढ़े तीन लाख रुपये आंकी जा रही है। आरोपी होटल, यूनिवर्सिटी और सार्वजनिक स्थानों पर गांजा सप्लाई करता था। फिलहाल पुलिस उसके नेटवर्क और अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।

डीसीपी नोएडा यमुना प्रसाद ने बताया कि रविवार को एक्सप्रेसवे थाना पुलिस सेक्टर-134 क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि गांजा तस्करी करने वाला एक शातिर आरोपी पुस्ता रोड नंगली कट, सेक्टर-134 के पास आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की।

चेकिंग के दौरान एक स्विफ्ट कार आती दिखाई दी। पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया तो चालक कार मोड़कर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर कुछ दूरी पर कार को रोक लिया और आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर कार के अंदर से 18 किलो गांजा बरामद हुआ।

पुलिस ने गांजा और कार को मौके पर ही जब्त कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 42 वर्षीय अशोक कुमार निवासी मैथन जगतपुर, थाना औरंगाबाद, जिला बुलंदशहर के रूप में हुई है। वर्तमान में वह सेक्टर-10 खैरपुर गोलचक्कर डी-पार्क के पास रह रहा था।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह ओडिशा राज्य से गांजा लेकर आता था और नोएडा व दिल्ली-एनसीआर में मोबाइल के जरिए ऑर्डर मिलने पर सप्लाई करता था। होटल, यूनिवर्सिटी और सार्वजनिक स्थानों पर वह गांजा पहुंचाता था ताकि पुलिस की नजर से बच सके।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ सोनभद्र जिले में गैंगस्टर एक्ट समेत कुल पांच मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन भी कब्जे में ले लिया है और कॉल डिटेल व चैट के आधार पर उसके नेटवर्क की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us