मीडिया वाली

Youtube Live
ब्रेकिंग न्यूज़
नवीनतम समाचार लोड हो रहे हैं...

नोएडा: चोरी की बाइक से स्नैचिंग करने वाला गैंग पकड़ा, 3 गिरफ्तार

नोएडा

सात बाइक-स्कूटी और तीन मोबाइल बरामद

Mediawali news, Noida

नोएडा सेक्टर-24 थाना पुलिस ने वाहन चोरी और मोबाइल स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और एक बाल अपचारी (नाबालिग) को भी अभिरक्षा में लिया है। पकड़े गए बदमाशों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर चोरी के सात दोपहिया वाहन, तीन मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल होने वाले चार अवैध चाकू बरामद किए गए हैं।

एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि 14 जुलाई की रात को मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने सेक्टर-11 स्थित मदर डेयरी के पास घेराबंदी की थी। इसी दौरान गिरोह के सदस्य पुलिस के हत्थे चढ़े। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जितेंद्र (19 वर्ष, निवासी दिल्ली), अरबाज (19 वर्ष, निवासी बेगूसराय, बिहार) और अभिषेक शाह (निवासी सोनपुर, बिहार) के रूप में हुई है। ये तीनों फिलहाल दिल्ली के दल्लूपुरा और न्यू अशोक नगर इलाके में छिपकर रह रहे थे।

Noida: बीकॉम पास घरों में चोरी करने वाला शातिर साथी संग गिरफ्तार

सेक्टर-54 के जंगलों को बनाया था गोदाम : पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। गिरोह के सदस्य पहले भीड़भाड़ वाले बाजारों और घरों के बाहर खड़े वाहनों की रेकी करते थे और मौका मिलते ही उन्हें उड़ा लेते थे। इसके बाद, उन्हीं चोरी के वाहनों का इस्तेमाल राहगीरों से मोबाइल छीनने के लिए किया जाता था। पकड़े जाने के डर से आरोपी चोरी की गई बाइक और स्कूटी को सेक्टर-54 के जंगलों और घनी झाड़ियों में छिपाकर रखते थे। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे चोरी के वाहनों की नंबर प्लेट तोड़ देते थे और फिर खुद को मजबूर या बेहद जरूरतमंद बताकर राहगीरों को कम कीमत में वाहन बेच देते थे। मोबाइल और वाहनों की बिक्री से मिलने वाली रकम को आरोपी आपस में बराबर बांट लेते थे। वारदात के दौरान यदि कोई विरोध करता, तो उसे डराने के लिए वे अपने पास अवैध चाकू रखते थे।

20 से अधिक वारदातों को दे चुके हैं अंजाम

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह अब तक 20 से अधिक वाहन चोरी कर चुका है। बरामदगी में चार स्कूटी, तीन मोटरसाइकिल, दो टूटी नंबर प्लेट और 1200 रुपये नकद शामिल हैं। इन आरोपियों के खिलाफ नोएडा और दिल्ली के विभिन्न थानों में पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उन लोगों की जानकारी जुटा रही है जिन्होंने इनसे चोरी के वाहन खरीदे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios