Noida : मामूली विवाद में दो पक्षों के बीच बाजार में हुई मारपीट
Mediawali news, noida
सेक्टर 73 सर्फाबाद गांव में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद जमकर मारपीट और हंगामा हुआ। सूचना मिलने पर सेक्टर 113 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि कई अन्य लोग मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार शनिवार को डॉयल 112 पर सूचना मिली थी कि गांव की मार्केट के पास कुछ लोग आपस में गाली-गलौज और मारपीट कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-113 पुलिस मौके पर पहुंची। वहां पहुंचने पर पुलिस ने देखा कि करीब 15 से 20 लोग आपस में झगड़ा कर रहे थे। दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे को गाली दे रहे थे, मारपीट कर रहे थे और जान से मारने की धमकी भी दे रहे थे। इस दौरान आसपास के लोगों में डर और दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने झगड़ा कर रहे लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन दोनों पक्षों में से कोई भी शांत होने को तैयार नहीं था।
इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो लोगों को मौके से पकड़ लिया, जबकि बाकी लोग भागने में सफल हो गए। पुलिस ने जिन दो लोगों को गिरफ्तार किया उनकी पहचान अलीगढ़ निवासी राजेश सिंह और सर्फाबाद गांव निवासी हरेंद्र यादव के रूप में हुई है। दोनों अलग अलग पक्ष के हैं। पुलिस ने दोनों से पूछताछ की और उनकी तलाशी भी ली, लेकिन उनके पास से कोई अवैध सामान बरामद नहीं हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि इस विवाद की शुरुआत आपसी कहासुनी से हुई थी। उन्होंने बताया कि नीरज और तन्निक नाम के युवकों के बीच पहले से ही किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन भी दोनों के बीच बहस हो गई और बात बढ़कर गाली-गलौज तक पहुंच गई। इसके बाद दोनों ने एक-दूसरे को फोन करके अपने-अपने साथियों को बुला लिया। कुछ ही देर में दोनों पक्षों के कई लोग वहां पहुंच गए और फिर आपस में मारपीट शुरू हो गई। मारपीट के दौरान दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर हमला करने लगे और मौके पर काफी हंगामा हो गया। पुलिस ने बताया कि इस मामले में कई अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं, जो झगड़े के दौरान मौके से फरार हो गए।
अलीगढ़ के हैं ज्यादातर आरोपी
पुलिस के मुताबिक मारपीट करने वालों में कुछ लोग अलीगढ़ और आसपास के जिलों के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जबकि कुछ स्थानीय लोग भी शामिल हैं। पुलिस इन फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। इस घटना के कारण इलाके में कुछ समय के लिए तनाव और डर का माहौल बन गया था। हालांकि पुलिस के पहुंचने के बाद स्थिति सामान्य हो गई। पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
आरोपियों ने बताए साथियों के नाम
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर इस तरह का झगड़ा और हंगामा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही फरार आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पूरे घटनाक्रम को जानने के लिए पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है। इस मामले में उपनिरीक्षक सुमित कुमार ने दबोचे गए आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। दोनों आरोपियों ने मारपीट करने वाले अपने साथियों ने नाम भी पुलिस को बताए हैं।