नोएडा में निर्माणाधीन मकान की शटरिंग गिरी, एक मजदूर की मौत

एसीपी राकेश प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। अभी तक इस मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। प्रारंभिक जांच में शटरिंग का बोल्ट खुलना हादसे की वजह माना जा रहा है।

Share your love
mediawali news, noida

नोएडा के सेक्टर 73 सर्फाबाद गांव में गुरुवार रात बड़ा हादसा हो गया। यहां एक निर्माणाधीन सात मंजिला मकान में रंगाई-पुताई के काम के दौरान लोहे की शटरिंग (स्कैफोल्डिंग) अचानक गिर गई। हादसे में तीन मजदूर घायल हो गए, जिनमें से एक की अस्पताल में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची सेक्टर 113 थाना की पुलिस ने जांच की। मामले में अभी किसी तरह की शिकायत पुलिस के पास नहीं दी गई है।

पुलिस के मुताबिक, हरदोई के धर्मपुर गांव निवासी मोहित, राजस्थान के धौलपुर जिले के गंगुलियापुरा गांव के जीतू और उसके पिता बाबूलाल वहां काम कर रहे थे। मोहित पर्थला गांव में रहता था, जबकि जीतू और बाबूलाल सर्फाबाद में रह रहे थे। मोहित शटरिंग लगाने का काम करता था, जबकि जीतू और बाबूलाल रंगाई-पुताई कर रहे थे। बताया जा रहा है कि तीनों गुरुवार रात मकान में काम कर रहे थे। उसी दौरान तीसरी मंजिल के पास शटरिंग के एक हिस्से का बोल्ट खुल गया। इसके बाद शटरिंग का आधा हिस्सा तेज आवाज के साथ नीचे आ गिरा। कुछ हिस्सा पड़ोसी के मकान की छत पर भी जा गिरा। शटरिंग की चपेट में आकर मोहित गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं। उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं जीतू और बाबूलाल को सिर, हाथ और पैरों में चोटें आईं। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद शुक्रवार को घर भेज दिया गया।

एसीपी राकेश प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। अभी तक इस मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। प्रारंभिक जांच में शटरिंग का बोल्ट खुलना हादसे की वजह माना जा रहा है।

पड़ोसी का सामान भी टूटा

शटरिंग गिरने से पड़ोसी के घर की छत पर रखा सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया। सिलेंडर, तख्त, बाइक, कड़ाही और परात समेत कई चीजों को नुकसान पहुंचा है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें मौके पर खून के निशान भी दिखाई दे रहे हैं।

Saurabh Yadav
Saurabh Yadav
Articles: 5

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us