नोएडा में आग का डबल अटैक, आईवी काउंटी के 12वें फ्लोर से उठीं लपटें, गिझोड़ के पीजी में भी मचा हड़कंप
Mediawali news, delhi
उत्तर प्रदेश मेट्रो सिटी नोएडा में शुक्रवार सुबह आग की दो अलग-अलग घटनाओं ने लोगों की सांसें थाम दीं। सेक्टर-75 स्थित आईवी काउंटी सोसायटी में 12वें फ्लोर पर लगी आग ने देखते ही देखते आसपास के तीन फ्लैटों को अपनी चपेट में ले लिया। वहीं सेक्टर-52 के शताब्दी विहार (गिझोड़) इलाके में एक पीजी में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड अलग-अलग दो टीमें मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं इन घटनाओं में राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
गौतमबुद्धनगर नगर सीएफओ प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि सेक्टर-75 स्थित आईवी काउंटी सोसायटी में शुक्रवार सुबह 12वें फ्लोर के एक फ्लैट में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास के तीन फ्लैट इसकी चपेट में आ गए और कुल पांच प्लेटो में आग की लपटे पहुंच गई थी। साथ ही धुआं ऊपर के सात से आठ फ्लैटों में भर गया था। सोसायटी के लोगों ने धुआं और लपटें उठती देख तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम और पुलिस मौके पर पहुंच गई और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फायर टेंडर से छोड़ा जा रहा पानी ऊंचाई के कारण छह से सात मंजिल से आगे प्रभावी ढंग से नहीं पहुंच पा रहा था, जबकि आग 12वीं मंजिल पर लगी थी। ऐसे में आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस और सोसायटी प्रबंधन की मदद से लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन फ्लैटों में रखा फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान और अन्य घरेलू वस्तुएं जलकर खाक हो गईं। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट या एसी में ब्लास्ट होने की आशंका जताई जा रही है।
नीचे रेस्टोरेंट और ऊपर पीजी चल रहा है पीजी
उधर, सुबह करीब आठ बजे सेक्टर-52 के गिझोड़ इलाके में एक पीजी बिल्डिंग में आग लगने से हड़कंप मच गया। जिस इमारत में आग लगी, उसके ग्राउंड फ्लोर पर रेस्टोरेंट और ऊपर पीजी संचालित होता है। आग लगने के समय कई लोग पीजी में सो रहे थे। धुआं फैलते ही अफरा-तफरी मच गई, लेकिन समय रहते सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। फायर ब्रिगेड ने छह फायर टेंडर की मदद से आग पर काबू पा लिया और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
इन घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों ने ऊंची इमारतों में आग से निपटने के लिए फायर विभाग के संसाधनों और इंफ्रास्ट्रक्चर को और मजबूत करने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि ऐसी आपात स्थिति में लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आधुनिक उपकरण और बेहतर व्यवस्था की जरूरत है। फायर विभाग दोनों मामलों की जांच कर रहा है।
निवासियों का आरोप, देर से पहुंची फायर विभाग की टीम
सेक्टर 75 निवासियों ने आरोप लगाया है कि फायर विभाग को घटना के तुरंत बार सूचना दी गई लेकिन फायर टेंडर के साथ में टीम देरी से पहुंची। वहीं उनका उपकरण भी ठीक से काम नहीं कर रहा था। फ्लैट में कुछ लोगों की फंसने की सूचना थी, मौके पर एसडीआरएफ टीम भी पहुंची। हालांकि तब तक आग पर काबू पा लिया गया था। लेकिन कुछ बुजुर्ग और बच्चों को एस आरडीएफ की टीम ने बिल्डिंग के ऊपर से रेस्क्यू कर नीचे उतारा।