नोएडा कार शूटिंग केस: सुमित का रेखा पर दबाव, नंबर ब्लॉक करने पर करता था ब्लैकमेल

Share your love

 

युवती के एक घरवाले ने लगाया आरोप

सेक्टर 107 में कार में मिले युवक-युवती के शव के मामले में खुलासे हो रहे हैं। दोनों के सिर में गोली लगी थी। शनिवार को सेक्टर 39 थाने पहुंचे युवक के घरवालों ने जाति का आरोप लगाकर युवती की शादी नहीं करने का आरोप लगाया है। मृतक युवती के पिता ने बताया कि उनकी तीन बेटियां हैं। बीच वाली बेटी ने दूसरी कास्ट में लव मैरिज की है। बड़ी वाली बेटी भी लव मैरिज कर पति के साथ यूके में रहती है। उन्होंने जातिवाद के आरोप का खंडन करते हुए कहा कि युवक के परिजन कभी शादी की बात करने के लिए उनके घर नहीं आए। यह सब युवक-युवती के बीच में ही चल रहा था।

सेक्टर 101 सलारपुर निवासी देवचंद्र कांत ने बताया कि वह किराना की दुकान चलाते हैं। दो बेटियों की शादी हो चुकी है। छोटी बेटी रेखा साथ रहती थी। युवती के परिवार के एक सदस्य ने नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर बताया कि रेखा ने कुछ दिनों से सुमित से बातचीत करना बंद कर दिया था। युवक बात करने के लिए दबाव बनाने लगा। साथ ही पिता, भाई, दोस्त और भाभी के नंबर से कॉल कर युवती को बात करने के लिए कहता। परिजनों का कहना है कि रेखा सुमित के बार-बार फोन करने और मनाने से परेशान थी। उसने सुमित का नंबर ब्लॉक कर दिया था। मई 2025 से दोनों के बीच अलगाव की स्थिति बन गई थी। रेखा को सुमित का व्यवहार अजीब लगने लगा था। उसने यह बात घरवालों को बताई थी। परिवार ने समझाया तो उसने सुमित से दूरी बना ली। मई 2025 में जब रेखा ने सुमित का फोन नहीं उठाया, तो सुमित ने रेखा के भाई और जीजा को फोन कर उससे बात कराने की गुजारिश की थी। इसके बाद भी रेखा ने रिश्ता आगे बढ़ाने से साफ इनकार कर दिया। बताया जा रहा है कि अंत में सुमित ने एक मेसेज लिखकर उसे ब्लैकमैल करना शुरू किया। वह मेसेज यूके में रह रहे रेखा की दीदी और जीजा के पास पहुंचा। इसके बाद शुक्रवार शाम ऑफिस से निकलते वक्त युवती लापता हो गई। बताया जा रहा है कि सुमित ने उसी मेसेज की आड़ में रेखा को इमोशनल ब्लैकमैल किया और अंतिम बातचीत करने के लिए उसे सेक्टर 62 ऑफिस से पिक कर लिया। इसके बाद उसे घर छोड़ने के बहाने सेक्टर 107 पहुंचा और पहले रेखा को गोली मारी और फिर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। खुदकुशी करने से पहले सुमित ने एक मेसेज रेखा को भेजा था। इसमें लिखा था कि मैं सुमित मरने जा रहा हूं, उसकी जिम्मेदार रेखा है। क्योंकि उसने मेरे साथ 15 साल रहकर वादा किया था कि वह मुझसे शादी करेगी। अब वह किसी और से शादी करने जा रही है। इसलिए मैं खुदकुशी करने जा रहा हूं, क्योंकि रेखा ने मुझे धोखा दिया है।

 

रेखा का फोन रात भर था चालू

दिल्ली के त्रिलोकपुरी निवासी सचिन ने बताया कि उनके चाचा राजवीर सिंह एमसीडी में स्वास्थ्य निरीक्षक हैं। उनके दो बेटे और एक बेटी है। सुमित छोटा बेटा था। मृतक के घरवालों के मुताबिक, रेखा का मोबाइल पूरी रात चालू था। सुबह छह बजे उसका मोबाइल बंद हुआ, वहीं सुमित का फोन शाम से ही बंद था। उन्होंने बताया कि रेखा उनके पारिवारिक कार्यक्रमों में शामिल होती थी। सुमित के चचेरे भाई गौरव की शादी में रेखा शामिल हुई थी।

सीसीटीवी में दिखी थी मृतक युवती

सेक्टर 58 थाना पुलिस ने बताया कि उसके परिजन घटना के बाद पहले सलारपुर चौकी पर गए थे। वहां से उन्हें सेक्टर 58 थाने भेजा गया। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज करने के बाद सीसीटीवी खंगाले तो युवती ऑफिस के गेट से घर जाते हुए दिखाई दे रही है। इसके बाद पुलिस ने अन्य सीसीटीवी खंगाले तो वह रास्ते में दिखाई दी लेकिन कार में बैठते हुए नहीं दिखी। मृतकों की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट रविवार को सामने आई। दोनों की रिपोर्ट में फायर आर्म इंजरी की बात सामने आई है। मतलब सिर में गोली लगने से मौत हुई। दोनों के सिर में गोली फंसी हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us