नोएडा में ‘तीसरी आंख’ पर चोरों का वार, CCTV सेंसर चोरी से सुरक्षा पर खतरा
Mediawali news, noida
शहर की सुरक्षा और ट्रैफिक निगरानी के लिए लगाए गए कैमरे ही अब चोरों के निशाने पर आ गए हैं। सेक्टर-31 और 25 चौराहे पर लगे एसटीएमएस सिस्टम के आरएसयू बॉक्स से बदमाश लाखों रुपये के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चोरी कर ले गए। हैरानी की बात यह है कि घटना रात करीब 10 बजे हुई और काफी देर तक किसी को भनक तक नहीं लगी। मामले में सेक्टर-20 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नोएडा अथॉरिटी की ओर से शहर में लगाए गए एसटीएमएस (स्मार्ट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) कैमरों की मॉनिटरिंग का काम एक निजी एजेंसी एफकोन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड करती है। एजेंसी का कंट्रोल ऑफिस सेक्टर-94 में स्थित है। कंपनी के फील्ड सुपरवाइजर सुभाष चंद ने पुलिस को बताया कि 22 अप्रैल 2026 की रात करीब 10 बजे सेक्टर-31/25 चौराहे पर लगे आरएसयू (रोड साइड यूनिट) से अज्ञात चोरों ने कई जरूरी उपकरण निकाल लिए।
चोरी हुए सामान में 24 पोर्ट नेटवर्क स्विच, 8 पोर्ट नेटवर्क स्विच, ओएफसी एसएफपी मॉड्यूल, यूपीएस, पीए एम्पलीफायर, एसएमपीएस, 4 केवीए स्टेबलाइजर और 9 बैटरियां शामिल हैं। इन उपकरणों के जरिए ही चौराहे पर लगे कैमरे और ट्रैफिक सिस्टम संचालित होते थे। कंपनी अधिकारी का कहना है कि रोजाना कैमरों की जांच की जाती है। हाल ही में निरीक्षण के दौरान उपकरण गायब मिले, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों की पहचान में जुटी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी टीम की मदद से यह भी पता लगाया जा रहा है कि चोरी से पहले सिस्टम को किस तरह से बंद किया गया। आशंका है कि वारदात में ऐसे लोग शामिल हो सकते हैं, जिन्हें इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम की अच्छी जानकारी है।
Noida Labour Protest : फेसबुक पेजों पर भड़काऊ और भ्रामक पोस्ट डालने के आरोप में दो मुकदमे दर्ज