महिला से मारपीट कर जबरन छीनी कार, कोर्ट के आदेश पर ससुराल पक्ष के खिलाफ केस दर्ज
घर से निकाला, कार पर किया कब्जा
नोएडा सेक्टर-27 की रहने वाली एक महिला ने अपने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट की, उसे घर से बाहर निकाल दिया और उसकी निजी कार जबरन छीन ली। कोर्ट के आदेश पर इस मामले में सेक्टर-20 थाना पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पीड़िता का आरोप
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी गाजियाबाद के राजपुर गांव निवासी अभिषेक कसाना से हुई थी। आरोप है कि 7 जून 2025 को ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट की और उसे घर से निकाल दिया। महिला का कहना है कि इसी दौरान उसके नाम से रजिस्टर्ड कार भी जबरन अपने कब्जे में ले ली गई, जो आज तक वापस नहीं की गई है।
कार लौटाने से इनकार
महिला के मुताबिक, उसने कई बार ससुराल पक्ष से कार वापस मांगी, लेकिन हर बार उसे मना कर दिया गया। आरोप है कि ससुराल पक्ष बिना किसी कानूनी अधिकार के उसकी कार का इस्तेमाल कर रहा है। पीड़िता को आशंका है कि जानबूझकर दबाव बनाने या उसे फंसाने की नीयत से कार से कोई दुर्घटना या गंभीर अपराध भी किया जा सकता है, जिससे उसे कानूनी परेशानी का सामना करना पड़े।
पुलिस से शिकायत, नहीं हुई सुनवाई
पीड़िता ने बताया कि उसने 9 अक्टूबर 2025 को नोएडा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से इस मामले की शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। पुलिस से मदद न मिलने पर महिला ने कोर्ट का रुख किया।
कोर्ट के आदेश पर FIR
कोर्ट के निर्देश के बाद सेक्टर-20 थाने में पति अभिषेक कसाना समेत सुभाष, संतोष, साक्षी और सन्नी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और सभी आरोपों की गहनता से पड़ताल की जा रही है।