अनियंत्रित होकर पलटी ट्रैक्टर-ट्राली, नीचे दबा युवक
Mediawali news, Kanpur
कानपुर,बिल्हौर क्षेत्र में खेत से मूंगफली लेकर घर लौट रहे 35 वर्षीय किसान की ट्रैक्टर-ट्राली पलटने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसा अरौल-मकनपुर क्षेत्र में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे अंडरपास के पास मंगलवार देर रात हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से युवक को ट्राली के नीचे से निकलवाकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
देवकली गांव निवासी रामू गौतम पुत्र बृजकिशोर खेती-किसानी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। मंगलवार रात वह खेत से मूंगफली लेकर ट्रैक्टर-ट्राली से घर लौट रहे थे। उनके साथ गांव निवासी रामकिशोर भी ट्राली में सवार थे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मकनपुर स्थित एक्सप्रेसवे अंडरपास के निकट पहुंचते ही ट्रैक्टर-ट्राली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में रामकिशोर दूर जा गिरे और बाल-बाल बच गए, जबकि रामू ट्राली के नीचे दब गए।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद रामू को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
रामू की मौत की खबर मिलते ही पत्नी चांदनी, बेटों सौरभ और गौरव सहित परिजनों में चीख-पुकार मच गई। गांव में भी मातम का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि रामू मेहनती और मिलनसार किसान थे।थाना प्रभारी विनय तिवारी ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्राली पलटने से युवक की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में लेकर मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।