होली पर शराब बंदी में खेल, तीन दबोचे 144 अंग्रेजी बोतल, 24 बियर कैन व 477 देसी क्वार्टर बरामद
Mediawali news, kanpur
होली पर शराब बंदी के बीच अवैध बिक्री, तीन गिरफ्तार
कानपुर। बिल्हौर में होली के पर्व पर प्रशासन के निर्देशों के तहत सभी शराब की दुकानें बंद रहीं, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग अवैध तरीके से महंगे दामों पर शराब बेचते हुए पकड़े गए। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से भारी मात्रा में शराब बरामद की।
रेलवे स्टेशन के पास से दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस को सूचना मिली थी कि कस्बे में रेलवे स्टेशन के सामने स्थित हंगरी शराब की दुकान के आसपास बंदी के बावजूद अवैध रूप से शराब बेची जा रही है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। कार्रवाई के दौरान दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कन्नौज जनपद के तालग्राम थाना क्षेत्र के मस्तियापुर गांव निवासी विमलेश कुमार पुत्र अनिल कुमार और तिर्वा थाना क्षेत्र के एमा गांव निवासी किशनपाल सिंह पुत्र अहिवरन सिंह के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके पास से 144 अंग्रेजी शराब की बोतलें और 24 बियर कैन बरामद की गईं।
घर से अवैध शराब बेचते पकड़ा गया युवक
इसी क्रम में पुलिस ने कस्बे के मुनीश्वर स्वास्थ्य नगर मोहल्ले में भी छापेमारी की। यहां पुलिस ने मुन्नालाल सविता को उसके घर से अवैध रूप से शराब बेचते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से 477 देसी शराब के क्वार्टर बरामद किए।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
थाना प्रभारी सुधीर कुमार ने बताया कि होली के त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क थी। अवैध शराब बिक्री की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई की।
उन्होंने बताया कि पकड़े गए तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि त्योहारों के दौरान अवैध शराब बिक्री पर सख्त निगरानी रखी जा रही है और इस तरह की गतिविधियों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा