घरेलू विवाद में पति का हमला, पत्नी का सिर फोड़ा
Mediawali news, kanpur
काम में सहयोग मांगने पर भड़का विवाद
कानपुर/बिल्हौर क्षेत्र के नयापुरवा गांव में रविवार सुबह घरेलू विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। घर के काम में सहयोग मांगने पर नाराज पति ने पत्नी के साथ मारपीट कर दी। पीड़िता प्रियंका, पत्नी सुनील, ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह सुबह घरेलू कार्यों में व्यस्त थीं और उन्होंने पति से मदद करने को कहा। इसी बात पर पति गुस्से में आ गया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
सिर पर भारी वस्तु से वार, गंभीर चोट
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पति ने किसी भारी वस्तु से प्रियंका के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह महिला को आरोपी के चंगुल से बचाया। घटना के बाद आरोपी पति जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां उसका उपचार जारी है। पीड़िता का कहना है कि उसका पति पहले भी उसके साथ मारपीट करता रहा है।
पुलिस के अनुसार, तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।