गौतमबुद्धनगर में अवैध खनन पर जिला प्रशासन का बड़ा एक्शन, 5 जेसीबी मशीनें जब्त
Tags: अवैध खननयमुना प्राधिकरण क्षेत्र में छापेमारी के दौरान बिना अनुमति चल रहा था मिट्टी का अवैध खनन, दनकौर थाने की अभिरक्षा में सौंपी गई मशीनें
Mediawali nws, Noida
गौतमबुद्धनगर। जनपद में अवैध खनन के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में चल रहे मिट्टी के अवैध खनन पर शिकंजा कसा है। जिला प्रशासन की छापेमारी के दौरान पांच जेसीबी मशीनों को जब्त किया गया है।
जिलाधिकारी और अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के निर्देश पर जिला खनन अधिकारी उत्कर्ष त्रिपाठी ने शुक्रवार को यमुना प्राधिकरण के सेक्टर-18 और आसपास के क्षेत्रों में औचक निरीक्षण एवं छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने कई स्थानों पर मिट्टी का अवैध खनन और परिवहन होते हुए पाया।जिला खनन अधिकारी उत्कर्ष त्रिपाठी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान मौके पर मौजूद लोगों से खनन कार्य से संबंधित वैध अनुमति पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेज मांगे गए, लेकिन कोई भी व्यक्ति वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच में स्पष्ट हुआ कि बिना अनुमति के मिट्टी का खनन और परिवहन किया जा रहा था।
अवैध खनन में संलिप्त पाए जाने पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके से पांच जेसीबी मशीनों को कब्जे में ले लिया। जब्त की गई सभी मशीनों को अग्रिम आदेश तक थाना दनकौर की अभिरक्षा में सुपुर्द कर दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन में संलिप्त वाहनों एवं मशीनों के खिलाफ उत्तर प्रदेश उपखनिज (परिहार) नियमावली, 2021 के तहत नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन का कहना है कि जनपद में अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।