गाली-गलौज का विरोध करना पड़ा भारी, पति ने पत्नी को चाकू से गोदा

Share your love

नोएडा | घरेलू हिंसा का गंभीर मामला सामने आया

सेक्टर-10 स्थित जेजे कॉलोनी में शनिवार दोपहर घरेलू विवाद के दौरान एक पति ने अपनी ही पत्नी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। गाली-गलौज का विरोध करने पर हुए इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। फेज-वन थाना पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

बच्चों के सामने शुरू हुआ विवाद

पीड़िता आरती देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने पति प्रवीन कुमार उर्फ पिंटू और बच्चों के साथ जेजे कॉलोनी, सेक्टर-10 में रहती हैं। पति के साथ अक्सर घरेलू बातों को लेकर विवाद होता रहता है। 27 दिसंबर की दोपहर करीब ढाई बजे भी किसी बात को लेकर पति ने झगड़ा शुरू कर दिया और बच्चों के सामने गाली-गलौज करने लगा।

विरोध करने पर किया चाकू से हमला

पीड़िता ने बताया कि जब उसने बच्चों की मौजूदगी में गाली-गलौज न करने का विरोध किया, तो पति आपा खो बैठा। गुस्से में आकर उसने स्टैंसिल चाकू से पत्नी पर हमला कर दिया। आरोपी ने महिला की पीठ पर कई वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गई। खुद को बचाने की कोशिश में महिला के हाथ पर भी चाकू लग गया।

स्थानीय लोगों ने बचाई जान

घटना के दौरान महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां से हालत गंभीर होने पर उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया।

आरोपी पति गिरफ्तार, भेजा गया जेल

एसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर फेज-वन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी प्रवीन कुमार उर्फ पिंटू को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

महिला की हालत खतरे से बाहर

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल महिला की हालत स्थिर है और खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। इस घटना ने एक बार फिर घरेलू हिंसा के गंभीर स्वरूप को उजागर कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us