फोटोग्राफर पर जानलेवा हमले का आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट के बाहर से दबोचा
Mediawali news, kanpur
माती कोर्ट में सरेंडर से पहले पुलिस ने पकड़ा
कानपुर/बिल्हौर में फोटोग्राफर पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी अनुज यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। शुक्रवार को आरोपी कानपुर देहात स्थित माती कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचा था। पुलिस को इसकी सूचना मिलते ही टीम ने कोर्ट परिसर के बाहर घेराबंदी कर उसे धर दबोचा। इसके बाद उसे शिवराजपुर थाने लाया गया और शनिवार को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
लूट के इरादे से किया था हमला
थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह के अनुसार 21 तारीख को अनुज यादव ने उत्कर्ष और दो अज्ञात साथियों के साथ मिलकर छतरपुर गांव अंडरपास के पास अंधेरे में लूट के इरादे से कस्बा निवासी अभिनव उर्फ बिट्टू शुक्ला पर हमला किया था। आरोपियों ने उसे बेरहमी से पीटकर मरणासन्न कर दिया। राहगीरों की सूचना पर पहुंचे परिजन घायल को शिवराजपुर सीएचसी ले गए, जहां हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
तलाशी में मोबाइल और नकदी बरामद
घटना के बाद से पुलिस टीमें आरोपी की तलाश में जुटी थीं। जामा तलाशी में आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन और पांच सौ रुपये से अधिक नकदी बरामद हुई है। गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह, रघुवेंद्र सिंह, सुनील सिजैरया और सिपाही प्रदीप कुमार की अहम भूमिका रही। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।