मीडिया वाली

Youtube Live
ब्रेकिंग न्यूज़
नवीनतम समाचार लोड हो रहे हैं...

सावधान! दिल्ली जैसे अग्निकांड के मुहाने पर नोएडा के ये 28 होटल

अग्निकांड

Mediawali news, delhi

दिल्ली के मालवीय नगर के होटल में हुए भीषण अग्निकांड के बाद गौतमबुद्ध नगर का फायर विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। जिले के होटल, रेस्त्रां और गेस्ट हाउसों की सुरक्षा व्यवस्था को परखने के लिए एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पिछले चार दिनों के भीतर फायर विभाग की टीम ने नोएडा, ग्रेटर नोएडा और एक्सप्रेसवे के किनारे स्थित 70 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा मानकों में गंभीर लापरवाही मिलने पर 28 होटल संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। फायर विभाग ने साफ चेतावनी दी है कि यदि तय समय के भीतर कमियां दूर नहीं की गईं, तो मजिस्ट्रेट को पत्र लिखकर इनके लाइसेंस रद्द करा दिए जाएंगे।

सबसे अधिक भीड़ वाले होटलों की बनी लिस्ट

मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि किसी भी अनहोनी को रोकने के लिए जिले में एक विशेष टीम का गठन किया गया है। अभियान की शुरुआत से पहले शहर के उन होटलों और गेस्ट हाउसों की एक सूची तैयार की गई, जहां पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सबसे ज्यादा भीड़ होती है और ठहरने की व्यवस्था है। फायर विभाग की टीम होटलों के रेस्ट रूम, बाथरूम से लेकर आपातकालीन निकास मार्गों की बारीकी से जांच कर रही है। यह अभियान जिले के सभी होटलों में चलाया जाएगा।

जांच में खुली पोल

पानी की किल्लत: कई होटलों में आग बुझाने वाले सिस्टम के लिए पर्याप्त पानी का बैकअप ही नहीं था।

जाम निकास मार्ग: आपातकालीन स्थिति में इस्तेमाल होने वाले एग्जिट गेट कई जगह जाम मिले या आसानी से नहीं खुल रहे थे। कुछ होटलों में एग्जिट रास्तों पर सामान भरकर कबाड़ बना दिया गया था।

खराब उपकरण: कई बड़े प्रतिष्ठानों में फायर अलार्म और अग्निशमन उपकरण या तो पूरी तरह खराब थे या सालों से उनका मेंटेनेंस नहीं हुआ था।

स्टाफ को चलाना नहीं आता फायर सिस्टम:

जांच के दौरान दमकल विभाग को एक बड़ी खामी यह भी मिली कि कई होटलों में मौजूद स्टाफ और गार्ड्स को आग बुझाने वाले उपकरणों (फायर फाइटिंग सिस्टम) को ऑपरेट करना ही नहीं आता था। इस पर सीएफओ ने नाराजगी जताते हुए होटल संचालकों और मैनेजरों को कड़ी फटकार लगाई और अनिवार्य रूप से ट्रेंड स्टाफ रखने की हिदायत दी। साथ ही, निरीक्षण के दौरान ही दमकल टीम द्वारा होटल स्टाफ को आग पर तुरंत काबू पाने और इमरजेंसी रिस्पांस का लाइव डेमो व ट्रेनिंग भी दी जा रही है।

दमकल विभाग को दिए ₹77 करोड़, आएगी 102 मीटर ऊंची हाइड्रोलिक मशीन

हाईराइज सोसायटियों के लिए बड़ी खबर जिले में लगातार बढ़ रही गगनचुंबी इमारतों और हाल ही में हुई आग की घटनाओं के बाद आखिरकार नोएडा अथॉरिटी ने दमकल विभाग की पुरानी मांग को पूरा कर दिया है। अथॉरिटी ने शनिवार को दमकल विभाग के बजट से 77 करोड़ रुपये ट्रांसफर कर दिए हैं। इस बड़ी धनराशि से 102 मीटर की ऊंचाई तक पहुंचने वाली अत्याधुनिक हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म मशीनें खरीदी जाएंगी। अधिकारियों के मुताबिक, नोएडा और ग्रेटर नोएडा में अब 30 से 35 मंजिला हाईराइज इमारतें आम हो चुकी हैं। ऐसे में इतनी ऊंचाई पर आग बुझाने और लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू करने के लिए इन आधुनिक मशीनों की सख्त जरूरत थी, जो अब जल्द ही पूरी होने जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios