चोर आपकी गैर मौजूदगी पर रखते हैं नजर, यूपी पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
Tags: NCR चोरीपुलिस का कहना घर से जाने के बाद बंद करे अखबार और डिलीवरी के सामान
Mediawali news, नोएडा
जिले में अक्सर त्योहारी सीजन, सहलाग और गर्मियों की छुट्टियों में घरों में चोरी की घटनाएं तेजी से बढ़ जाती हैं। पकड़े जाने पर पुलिस पूछताछ में चोर बताते हैं कि उन्होंने बंद घर की रेकी करने बाद चोरी की वारदात अंजाम दिया है। गर्मी की छुट्टियों और यात्रा के मौसम के बीच उत्तर प्रदेश पुलिस ने लोगों को घरों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है। जागरूकता अभियान के तहत यूपी पुलिस ने एक संदेश जारी करते हुए कहा है कि चोर केवल घर के बाहर रखे अखबार या सामान ही नहीं देखते, बल्कि यह भी समझने की कोशिश करते हैं कि घर में कोई मौजूद है या नहीं। ऐसे में थोड़ी सी सावधानी बड़ी चोरी की घटनाओं को रोक सकती है।
यूपी पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल से लोगों से अपील की गई है कि कि अगर वे कुछ दिनों के लिए घर से बाहर जा रहे हैं तो सबसे पहले अखबार, दूध या अन्य नियमित डिलीवरी को अस्थायी रूप से बंद करा दें। लंबे समय तक दरवाजे पर अखबार या पैकेट जमा होने से घर के खाली होने का अंदेशा हो सकता है। पुलिस ने यह भी सलाह दी है कि घर से बाहर जाने से पहले अपने भरोसेमंद पड़ोसियों को इसकी जानकारी जरूर दें। पड़ोसी समय-समय पर घर पर नजर रख सकते हैं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत दे सकते हैं। इसके अलावा घर में सीसीटीवी कैमरे लगवाने और मोबाइल के जरिए दूर से भी निगरानी बनाए रखने की सलाह दी गई है। इससे किसी भी असामान्य गतिविधि की जानकारी तुरंत मिल सकती है। यूपी पुलिस ने कहा है कि यात्रा के दौरान भी घर की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहना जरूरी है। सोशल मीडिया पर अपनी लोकेशन या लंबे समय तक घर से बाहर रहने की जानकारी सार्वजनिक करने से भी बचना चाहिए। इससे गलत तत्वों को घर खाली होने की जानकारी मिल सकती है।
पड़ोसी डायल 112 पर कॉल पुलिस को दें सूचना
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऐसे मामलों में चौकी और थाना पुलिस को अलर्ट किया गया है। साथ ही सेक्टर, सोसायटी निवासियों को सलाह दी गई है कि यदि आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या चोरी की आशंका दिखाई दे तो बिना देर किए आपातकालीन सेवा 112 पर सूचना दें। पुलिस का कहना है कि नागरिकों की सतर्कता और पड़ोसियों का सहयोग अपराध रोकने में अहम भूमिका निभा सकता है। जागरूकता और छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर घर और परिवार को सुरक्षित रखा जा सकता है।
चोरी को रोकने के लिए सेक्टरों में लगेंगे कैमरे
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इन चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए जनपद के सभी सेक्टरों के आरडब्ल्यू से बातचीत कर सेक्टर में कैमरे लगवाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। साथ नोएडा, ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी की मदद ली जाएगी। इसके लिए संबंधित चौकी और थाना पुलिस उन स्थानों को चिन्हिंत की है, जहां पर संदिग्ध गतिविधि या चोरी की आशंका दिखाई देती है।