बकाया सैलरी मांगने पर कर्मचारी से मारपीट का आरोप, कंपनी डायरेक्टर और HR समेत चार पर केस दर्ज ऑफिस बुलाकर पीटा,
ऑफिस बुलाकर पीटा, आंख पर धारदार हथियार से हमला करने का आरोप; फेज वन थाने में FIR
नोएडा/दिल्ली: बकाया सैलरी की मांग करना एक कर्मचारी को भारी पड़ गया। आरोप है कि एक टेलीकॉम कंपनी के डायरेक्टर और एचआर ने न सिर्फ उसे धमकाया बल्कि ऑफिस बुलाकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट भी कराई। पीड़ित कर्मचारी की शिकायत पर फेज वन थाना पुलिस ने कंपनी डायरेक्टर, एचआर समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बकाया सैलरी को लेकर शुरू हुआ विवाद
दिल्ली के सदर बाजार निवासी सौरभ सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह नोएडा सेक्टर-2 स्थित एक टेलीकॉम कंपनी में काम कर रहा था। कंपनी के डायरेक्टर सलमान ने उसे नौकरी पर रखा था, लेकिन कुछ समय तक काम करने के बावजूद उसे सैलरी नहीं दी गई। बार-बार मांग करने के बाद भी जब भुगतान नहीं हुआ तो सौरभ ने कंपनी जाना बंद कर दिया।
ऑफिस बुलाकर फिर कराया गया काम
पीड़ित के अनुसार, 5 जनवरी को कंपनी डायरेक्टर सलमान ने फोन कर उसे दोबारा ऑफिस बुलाया और काम करने के लिए कहा। उसे एक लैपटॉप भी दिया गया। इसी दौरान जब कंपनी की एचआर तसलीमा वहां पहुंचीं, तो सौरभ ने उनसे बकाया सैलरी की मांग की। आरोप है कि एचआर ने साफ कह दिया कि “पैसे होंगे तो मिलेंगे, नहीं तो सैलरी भूल जाओ।”
धमकी और मानसिक उत्पीड़न का आरोप
पीड़ित का आरोप है कि इस बात से नाराज होकर वह कंपनी का लैपटॉप लेकर घर चला गया। इसके बाद एचआर ने उसे फोन कर धमकाया कि उसके परिवार, खासकर उसकी बहन को नुकसान पहुंचाया जा सकता है। यह भी कहा गया कि उनके राजनीतिक संपर्क हैं और वह किसी को भी फंसा सकते हैं। धमकियों से डरकर सौरभ कंपनी का लैपटॉप वापस करने के लिए ऑफिस पहुंचा।
ऑफिस में बंद कर की गई बेरहमी से पिटाई
शिकायत के अनुसार, ऑफिस पहुंचते ही डायरेक्टर का भाई और भांजा गेट पर मिले। दोनों उसे अंदर ले गए और ऑफिस का गेट बंद कर उसकी पिटाई शुरू कर दी। आरोप है कि मारपीट के दौरान उसकी आंख पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। ऑफिस में मौजूद दो महिला कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर उसकी जान बचाई।
अस्पताल में इलाज, फिर थाने में शिकायत
घायल सौरभ किसी तरह सेक्टर-27 स्थित अस्पताल पहुंचा, जहां उसका इलाज और मेडिकल कराया गया। इसके बाद उसने फेज वन थाने में पूरी घटना की लिखित शिकायत दी। पीड़ित ने कंपनी प्रबंधन पर धर्म के आधार पर मानसिक शोषण का भी आरोप लगाया है।
चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर कंपनी डायरेक्टर सलमान, एचआर तसलीमा, हारून और डायरेक्टर के भाई के खिलाफ मारपीट, धमकी और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।