आपूर्ति एवं पुलिस विभाग की संयुक्त कार्रवाई में अवैध गैस रिफिलिंग का भंडाफोड़
Mediawali news
गौतमबुद्धनगर में अवैध गैस रिफिलिंग के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए आपूर्ति विभाग एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने थाना दादरी क्षेत्र में छापेमारी कर एक व्यक्ति को रंगे हाथों पकड़ा। प्रभारी जिला पूर्ति अधिकारी स्मृति गौतम के अनुसार, यह कार्रवाई 4 अप्रैल की शाम लगभग 5 बजे नत्थू चौक, तुलसी विहार कॉलोनी में की गई।
छापेमारी के दौरान विनय कुमार नामक व्यक्ति के मकान से भारी मात्रा में घरेलू गैस सिलेंडर एवं रिफिलिंग में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए। मौके से भारत पेट्रोलियम के 2 भरे एवं 2 खाली, इंडेन के 6 खाली तथा हिंदुस्तान पेट्रोलियम के 3 खाली घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। इसके अलावा एक 5 किलोग्राम का नॉन-आईएसआई छोटा सिलेंडर भी मिला, जिसका उपयोग अवैध रिफिलिंग में किया जा रहा था।
टीम ने मौके से गैस भरने के उपकरण भी बरामद किए, जिनमें इलेक्ट्रॉनिक वेटिंग मशीन, रिफिलिंग नोजल युक्त मशीन, रबर पाइप और रेगुलेटर शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में स्पष्ट हुआ कि आरोपी घरेलू सिलेंडरों से छोटे नॉन-आईएसआई सिलेंडरों में गैस भरकर अवैध रूप से बेच रहा था और इससे आर्थिक लाभ कमा रहा था।
अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार की गतिविधियां न केवल एलपीजी की उपलब्धता को प्रभावित करती हैं, बल्कि इससे गंभीर दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। यह कृत्य द्रवित पेट्रोलियम गैस (आपूर्ति एवं वितरण का विनियमन) आदेश-2000 के प्रावधानों का उल्लंघन है।
इस संबंध में विनय कुमार एवं अन्य अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 के तहत थाना दादरी में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।