अदाणी एंटरप्राइजेज ने शुरू की नई कंपनी—कौशल विकास और शिक्षा पर रहेगा फोकस
नई दिल्ली। पायलटों की कमी और स्किल डेवलपमेंट को लेकर जारी राष्ट्रीय चर्चा के बीच अदाणी समूह ने बड़ा कदम उठाया है। अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड (AEL) ने कौशल विकास और शिक्षा के क्षेत्र में अपनी मौजूदगी मजबूत करने के लिए ‘अदाणी स्किल्स एंड एजुकेशन लिमिटेड (ASEL)’ नाम की एक नई कंपनी की स्थापना की है। कंपनी का उद्देश्य अदाणी ग्रुप के कर्मचारियों के साथ–साथ नई प्रतिभाओं को भी आधुनिक प्रशिक्षण और शैक्षिक कार्यक्रम उपलब्ध कराना है।
नई कंपनी का उद्देश्य
नवगठित ASEL के माध्यम से अदाणी समूह विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रम, सेमिनार और स्किल-बेस्ड एजुकेशन मॉडल तैयार करेगा। कंपनी का फोकस उभरते सेक्टर्स की जरूरतों के अनुसार युवा और कर्मचारियों को तैयार करना है। अधिकारियों का कहना है कि इससे ग्रुप की स्किल-बेस्ड वर्कफोर्स को बढ़ावा मिलेगा और शिक्षा क्षेत्र में समूह की भूमिका और प्रभाव भी बढ़ेगा।
कैसा होगा कंपनी का ढांचा
कंपनी की शुरुआती अधिकृत पूंजी ₹1 लाख होगी, जिसे 10,000 इक्विटी शेयर्स (प्रति शेयर मूल्य ₹10) में विभाजित किया गया है।
अभी कंपनी का व्यावसायिक संचालन शुरू नहीं हुआ है, इसलिए वर्तमान में बिजनेस स्टेटस शून्य है।
100% मालिकाना हक अदाणी एंटरप्राइजेज का
अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड ASEL की 100% शेयर पूंजी होल्ड करेगी। नई कंपनी को 6 दिसंबर 2025 को अहमदाबाद के रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज़ के साथ पंजीकृत किया गया है।
शेयर बाजार में अदाणी एंटरप्राइजेज का प्रदर्शन
शुक्रवार दोपहर 12:42 बजे अदाणी एंटरप्राइजेज का शेयर ₹2,226 पर ट्रेड कर रहा था, जो पिछले बंद भाव ₹2,265.40 से लगभग 1.74% नीचे है।
पिछले छह महीनों में शेयर में 11.04% गिरावट दर्ज की गई है, हालांकि पिछले 5 वर्षों में 410.67% का जबरदस्त रिटर्न मिला है।