मीडिया वाली

Youtube Live
ब्रेकिंग न्यूज़
नवीनतम समाचार लोड हो रहे हैं...

Noida: पेंशन दिलाने के नाम पर पैसे ऐंठने वाला दलाल गिरफ्तार, DM की कार्रवाई से खुला मामला

Tags: ,
noida

Mediawali news, Noida
गौतमबुद्धनगर में सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर लोगों से पैसे वसूलने वाले दलालों और बिचौलियों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी क्रम में विधवा पेंशन योजना का लाभ दिलाने के नाम पर धनराशि लेने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के अनुसार, जिलाधिकारी के जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान एक वृद्ध महिला ने शिकायत की थी कि उससे विधवा पेंशन दिलाने के नाम पर पैसे लिए गए हैं। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने स्वयं मामले की जांच कराई। जांच के दौरान उन्होंने शिकायतकर्ता बनकर आरोपी से फोन पर बातचीत की और पेंशन योजना का लाभ दिलाने के बारे में जानकारी मांगी।

जांच में सामने आया कि संबंधित व्यक्ति सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर लोगों से पैसे वसूल रहा था। शिकायत सही पाए जाने के बाद जिलाधिकारी ने तत्काल संबंधित विभाग और पुलिस को कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद थाना सूरजपुर में आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को अलीगढ़ से जेवर आने वाले मार्ग पर गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि किसी भी सरकारी योजना या सरकारी कार्य के लिए दलालों और बिचौलियों के झांसे में न आएं। सभी आवेदन केवल संबंधित विभागीय कार्यालयों या अधिकृत जन सेवा केंद्रों के माध्यम से ही करें। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति सरकारी योजना का लाभ दिलाने, सरकारी काम कराने या रिश्वत मांगने के नाम पर पैसे की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत जिला प्रशासन को दें। इसके लिए जिला प्रशासन ने कंट्रोल रूम के नंबर भी जारी किए हैं, जहां शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। प्रशासन का कहना है कि सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार और दलाली करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios