Noida News: आबकारी आयुक्त की समीक्षा बैठक, शराब बिक्री में पारदर्शिता और नियमों के सख्त पालन के निर्देश
Mediawali news, Noida
उत्तर प्रदेश के आबकारी आयुक्त डॉ. आदर्श सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को गौतमबुद्धनगर कलेक्ट्रेट सभागार में मेरठ प्रभार के आबकारी अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शराब बिक्री व्यवस्था, राजस्व बढ़ाने और आबकारी नियमों के प्रभावी पालन को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
बैठक में कहा गया कि सभी जनपदों की फुटकर शराब दुकानों पर पीओएस (प्वाइंट ऑफ सेल) मशीन के माध्यम से 100 प्रतिशत बिक्री सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा थोक लाइसेंस, बार, बॉन्ड और प्रीमियम वेंड्स पर आने वाली सभी मदिरा का स्टॉक पीओएस सिस्टम में दर्ज कर उसी के माध्यम से बिक्री की जाए। नियमों का पालन न करने पर संबंधित आबकारी निरीक्षक और लाइसेंस धारकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आबकारी आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अन्य राज्यों से आने वाली शराब के स्टॉक की नियमित जांच की जाए और उसकी निगरानी मजबूत रखी जाए। साथ ही शराब की निकासी निर्धारित नियमों के अनुसार ही होनी चाहिए।
बैठक में मेरठ प्रभार के अंतर्गत मॉडल शॉप और कंपोजिट दुकानों के संचालन की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि निर्धारित लक्ष्य के अनुसार शराब और बीयर की बिक्री एवं निकासी समय पर हो।
डॉ. आदर्श सिंह ने स्पष्ट कहा कि देशी शराब की दुकानों पर किसी अन्य प्रकार की शराब परोसे जाने या पिलाए जाने की शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही नोएडा और गाजियाबाद के बड़े मॉल्स में प्रीमियम रिटेल वेंड खोलने के प्रयास तेज करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में मेरठ, गाजियाबाद, बागपत, हापुड़, बुलंदशहर और गौतमबुद्धनगर के जिला आबकारी अधिकारी, सहायक आबकारी आयुक्त और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों को राजस्व बढ़ाने के साथ-साथ शराब बिक्री में पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर देने को कहा गया।