साइक्लोन ‘दितवाह’ भारत की ओर तेजी से बढ़ा – तमिलनाडु-पुडुचेरी में अलर्ट
श्रीलंका में बड़ी तबाही के बाद साइक्लोन दितवाह भारत की ओर बढ़ रहा है। तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और पुडुचेरी के तटीय इलाकों में तेज़ हवाओं के साथ बारिश शुरू हो चुकी है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार शाम तक स्थिति और गंभीर हो सकती है।
तमिलनाडु में 54 उड़ानें रद्द – स्कूल-कॉलेज बंद
भारी बारिश से चेन्नई एयरपोर्ट पर परिचालन प्रभावित हुआ, जिसके चलते 54 फ्लाइट्स रद्द की गईं। पुडुचेरी सेंट्रल यूनिवर्सिटी ने सभी परीक्षाएं रोकते हुए शनिवार की छुट्टी घोषित कर दी। राज्य प्रशासन ने पुडुचेरी, कराईकल, माहे और यनम में सोमवार तक सभी स्कूलों और कॉलेजों को बंद रखने का आदेश जारी किया है।
श्रीलंका में तबाही – 123 की मौत, 200 भारतीय फंसे
दितवाह ने श्रीलंका में भीषण बाढ़ और भूस्खलन को जन्म दिया। अब तक 123 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और 130 से अधिक लापता हैं। कोलंबो एयरपोर्ट पर लगभग 300 भारतीय यात्री तीन दिनों से फंसे हुए हैं, क्योंकि चेन्नई के लिए उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। ये सभी यात्री दुबई से श्रीलंका मार्ग से भारत लौट रहे थे।
30 नवंबर को भारत तट से टकराएगा चक्रवात
आईएमडी (IMD) के अनुमान के अनुसार साइक्लोन दितवाह 30 नवंबर को तमिलनाडु – पुडुचेरी तट से टकराएगा। इसके चलते तटीय राज्यों में भारी वर्षा, बाढ़ और लैंडस्लाइड की आशंका है। पहाड़ी क्षेत्रों में अचानक पानी बढ़ने और सैलाब जैसी स्थिति बन सकती है। प्रशासन ने तटीय इलाकों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने की तैयारी शुरू कर दी है।
NDRF की 14 टीमें तैनात – बचाव तैयारी तेज
तमिलनाडु के विल्लुपुरम, नागपट्टिनम, तिरुवरुर, तंजावुर, पुदुक्कोट्टई, चेंगलपट्टू, तिरुवल्लूर और मयिलादुथुरई सहित संवेदनशील क्षेत्रों में NDRF की 14 टीमें लगाया गया हैं। इसके अतिरिक्त पुणे और वडोदरा स्थित बेस से 10 टीमें भी चेन्नई की ओर भेजी गई हैं। प्रशासन ने मछुआरों को समुद्र में न जाने की सख्त चेतावनी दी है।
भारत ने श्रीलंका के लिए ‘ऑपरेशन सागर बंधु’ शुरू किया
श्रीलंका में आई आपदा के बाद भारत ने राहत अभियान ऑपरेशन सागर बंधु शुरू किया। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने जानकारी दी कि भारतीय वायुसेना का IL-76 विमान कोलंबो पहुंच चुका है। अब तक 27 टन राहत सामग्री और NDRF के 80 कर्मी हवाई व समुद्री मार्ग से भेजे जा चुके हैं। भारत ने आवश्यक दवाइयां, राहत पैक, पानी शुद्धिकरण सामग्री और खाद्य पैकेट भी उपलब्ध कराए हैं।
साइक्लोन दितवाह का असर बढ़ रहा – सतर्क रहने की अपील
चक्रवात के तट से टकराने से पहले ही दक्षिण भारत में मौसम काफी बिगड़ चुका है। प्रशासन सभी तटीय जिलों में सतर्कता बरतने और अनावश्यक यात्रा न करने की सलाह दे रहा है। आने वाले दो दिन स्थिति और गंभीर हो सकती है, इसलिए तैयारी व सुरक्षा उपायों पर सबसे अधिक जोर दिया जा रहा है।