राइजिंग एशिया कप में इंडिया ए को झटका: पाकिस्तान शाहीन्स ने 8 विकेट से हराया
राइजिंग एशिया कप में रविवार को खेले गए मुकाबले में इंडिया ए को पाकिस्तान शाहीन्स ने 8 विकेट से मात दी। इस जीत के साथ पाकिस्तान ने टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदें लगभग पक्की कर लीं। दोहा में हुए मैच में पाक कप्तान इरफान खान ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी, जिसका टीम ने भरपूर फायदा उठाया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत 19 ओवर में 136 रन पर ढेर हो गया। जवाब में पाकिस्तान ने 13.2 ओवर में 137/2 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। ओपनर सदाकत माज ने 47 गेंदों पर 79 रनों की आक्रामक पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 4 छक्के शामिल थे। माज को उनकी ऑलराउंड परफॉर्मेंस के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
2025 में पाकिस्तान के खिलाफ भारत की पहली हार
यह 2025 में दोनों टीमों के बीच हुए 6 मुकाबलों में पहली बार है कि भारत किसी भी फॉर्मेट में पाकिस्तान से हारा है। इससे पहले हुए 5 मैचों में भारत ने जीत दर्ज की थी।
सूर्यवंशी–नमन ने बनाई गति, लेकिन मिडिल ऑर्डर फ्लॉप
इंडिया ए की शुरुआत ठीक रही, लेकिन निरंतर विकेट गिरने से टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी।
वैभव सूर्यवंशी ने 28 गेंदों पर 45 रन बनाए (5 चौके, 3 छक्के)।
नमन धीर ने 20 गेंदों पर 35 रन जोड़कर टीम को रफ्तार दी।
लेकिन बाद के बल्लेबाज पाकिस्तान की गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सके।
पाकिस्तान के लिए शाहिद अजीज ने 3 विकेट, जबकि साद मसूद और सदाकत माज ने 2-2 विकेट लिए।
पाकिस्तान की मजबूत साझेदारी ने मैच पलटा
137 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाक ओपनर्स ने तेज शुरुआत की।
सदाकत माज और मोहम्मद नईम ने 33 गेंदों पर 54 रन जोड़े।
यश ठाकुर ने नमन धीर के शानदार कैच के जरिए पहली सफलता दिलाई, लेकिन माज के 79* ने मैच पूरी तरह पाकिस्तान की ओर मोड़ दिया।
सदाकत को मिले दो जीवनदान—मैच का टर्निंग पॉइंट
पाकिस्तानी ओपनर सदाकत माज को दो बार जीवनदान मिला:
8वें ओवर में कैच ड्रॉप – वैभव सूर्यवंशी ने हाई कैच छोड़ दिया।
10वें ओवर में विवादित कैच – नेहल वाधेरा और नमन धीर ने मिलकर कैच पकड़ा, पर MCC के नए नियमों के तहत सदाकत को नॉट आउट दिया गया।
नया नियम क्या कहता है?
अगर कोई खिलाड़ी बाउंड्री के बाहर से हवा में उछलकर गेंद अंदर फेंके और दूसरा खिलाड़ी कैच ले, तो पहला खिलाड़ी पूरी तरह बाउंड्री के अंदर उतरना चाहिए, तभी कैच वैध माना जाएगा। यह शर्त पूरी नहीं होने के कारण माज को नॉट आउट करार दिया गया।
इन जीवनदानों के बाद सदाकत ने मैच खत्म करने में देर नहीं लगाई।
पॉइंट्स टेबल की स्थिति
इस जीत के बाद पाकिस्तान 4 अंकों के साथ ग्रुप बी में शीर्ष पर पहुंच गया।
पहले मैच में उन्होंने ओमान को 40 रन से हराया था।
इंडिया ए के 2 मैच में 2 अंक हैं और टीम अभी दूसरे स्थान पर है।
पहले मुकाबले में भारत ने UAE को 148 रन से हराया था।
भारतीय टीम के पास अब भी सेमीफाइनल में पहुंचने का मौका बरकरार है।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
इंडिया ए:
प्रियांश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, नेहल वधेरा, नमन धीर, जितेश शर्मा (कप्तान/विकेटकीपर), रमनदीप सिंह, हर्ष दुबे, आशुतोष शर्मा, यश ठाकुर, गुरजपनीत सिंह, सुयश शर्मा।
पाकिस्तान शाहीन्स:
यासिर खान, मोहम्मद नईम, मोहम्मद फैक, सदाकत माज, इरफान खान (कप्तान), गाजी घोरी (विकेटकीपर), साद मसूद, शाहिद अजीज, सुफियान मुकीम, उबैद शाह, अहमद लतीफ।