बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान KKR से बाहर, BCCI के निर्देश के बाद लिया गया फैसला

Share your love

नई दिल्ली:
कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को टीम से बाहर कर दिया है। यह फैसला BCCI के निर्देश के बाद लिया गया है। बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हो रहे हमलों के बीच मुस्तफिजुर के IPL में खेलने को लेकर देशभर में विरोध हो रहा था।

KKR ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर बयान जारी करते हुए कहा कि BCCI के निर्देशों, सभी जरूरी प्रक्रियाओं और आपसी विचार-विमर्श के बाद मुस्तफिजुर रहमान को टीम से रिलीज किया गया है। फ्रेंचाइजी ने यह भी स्पष्ट किया कि IPL नियमों के तहत रिप्लेसमेंट खिलाड़ी लेने की अनुमति दे दी गई है, जिसकी जानकारी समय आने पर साझा की जाएगी।

BCCI ने दिया था रिलीज करने का निर्देश

इससे पहले BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने कहा था कि हालिया घटनाक्रमों को देखते हुए बोर्ड ने KKR को मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करने का निर्देश दिया है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि फ्रेंचाइजी अगर रिप्लेसमेंट खिलाड़ी लेना चाहती है, तो उसे इसकी अनुमति होगी।

बांग्लादेश में हिंसा के चलते बढ़ा विरोध

बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों के खिलाफ हो रही हिंसा के बीच मुस्तफिजुर के IPL में खेलने का विरोध तेज हो गया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीते 14 दिनों में वहां चार हिंदुओं की हत्या की घटनाएं सामने आई हैं। इसी को लेकर धार्मिक और राजनीतिक संगठनों की ओर से KKR पर दबाव बढ़ रहा था।

संतों और नेताओं ने उठाई थी आवाज

कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर, बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री और जगद्गुरु रामभद्राचार्य समेत कई संतों ने मुस्तफिजुर को टीम से हटाने की मांग की थी। देवकीनंदन ठाकुर ने कहा था कि जिस देश में हिंदुओं पर अत्याचार हो रहा हो, वहां के खिलाड़ी को IPL में शामिल करना गलत है।

भाजपा नेता संगीत सोम ने भी इस मुद्दे पर KKR के मालिक शाहरुख खान पर निशाना साधते हुए कहा था कि ऐसे हालात में बांग्लादेशी खिलाड़ियों को खरीदना देश के साथ गद्दारी जैसा है।

वहीं, शिवसेना नेता संजय निरुपम ने भी शाहरुख खान से अपील की थी कि वे मुस्तफिजुर को टीम से बाहर करें। शिवसेना (यूबीटी) के प्रवक्ता आनंद दुबे ने कहा था कि बांग्लादेशी खिलाड़ियों को भारतीय धरती पर खेलने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।

9.2 करोड़ में खरीदे गए थे मुस्तफिजुर

KKR ने मुस्तफिजुर रहमान को पिछले महीने अबूधाबी में हुए IPL मिनी ऑक्शन में 9.2 करोड़ रुपये में खरीदा था। इसके साथ ही वे IPL इतिहास में बांग्लादेश के सबसे महंगे खिलाड़ी बने थे।

IPL 2026 का शेड्यूल

IPL 2026 की शुरुआत 26 मार्च से होगी, जबकि फाइनल मुकाबला 31 मई को खेला जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us