अक्षर और दुबे के शानदार कैच से पलटा मैच, भारत ने इंग्लैंड को हराकर टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में बनाई जगह
Mediawali news
भारत ने गुरुवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप के दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 7 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली। इस जीत के साथ टीम इंडिया चौथी बार टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंची है। मैच के दौरान कई रोमांचक पल देखने को मिले, जिन्होंने मुकाबले का रुख भारत की ओर मोड़ दिया।
ब्रूक ने छोड़ा सैमसन का कैच, भारत को मिला बड़ा मौका
भारतीय पारी के तीसरे ओवर में इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने संजू सैमसन का आसान कैच छोड़ दिया। जोफ्रा आर्चर की फुल लेंथ गेंद पर सैमसन ने हवा में शॉट खेला, लेकिन मिड-ऑन पर खड़े ब्रूक कैच पकड़ने में असफल रहे। उस समय सैमसन 15 रन पर थे। इस जीवनदान का फायदा उठाते हुए सैमसन ने शानदार बल्लेबाजी की और 42 गेंदों में 89 रन बनाए। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया।
छक्के के साथ पूरी की शानदार फिफ्टी
संजू सैमसन ने आठवें ओवर में लियाम डॉसन की गेंद पर छक्का लगाकर अपनी फिफ्टी पूरी की। उन्होंने इनसाइड-आउट शॉट खेलते हुए गेंद को वाइड लॉन्ग-ऑफ के ऊपर से सीमा रेखा के पार भेजा। सैमसन ने केवल 26 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
अक्षर पटेल का बेहतरीन कैच बना टर्निंग पॉइंट
इंग्लैंड की पारी के पांचवें ओवर में जसप्रीत बुमराह की गेंद पर हैरी ब्रूक ने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन अक्षर पटेल ने 24 मीटर पीछे दौड़ते हुए शानदार कैच पकड़ लिया। इस विकेट से इंग्लैंड पर दबाव बढ़ गया।
अक्षर-दुबे की जोड़ी ने पकड़ा शानदार बाउंड्री कैच
14वें ओवर में अक्षर पटेल और शिवम दुबे ने बाउंड्री लाइन पर बेहतरीन टीमवर्क दिखाते हुए विल जैक्स का शानदार कैच पकड़ा। अक्षर ने संतुलन बिगड़ने पर गेंद को दुबे की ओर उछाल दिया और दुबे ने कैच पूरा कर लिया। इस विकेट के बाद भारत मैच में पूरी तरह हावी हो गया।
स्टेडियम में दिखे धोनी और रोहित
इस अहम मुकाबले को देखने के लिए पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा भी वानखेड़े स्टेडियम पहुंचे थे। वहीं मैच से पहले रवि शास्त्री और इयॉन मोर्गन टी-20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी लेकर मैदान में आए।