शिवराजपुर में अतिक्रमण के खिलाफ चला अभियान, फुटपाथ व नाले कराए गए खाली
रविवार को नगर पंचायत अधिकारियों ने सड़क के दोनों ओर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाकर लोगों को सख्त चेतावनी दी। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के निर्देश पर नगर पंचायत, राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।
फुटपाथ और नालों से हटाया गया कब्जा
अभियान के दौरान फुटपाथों और नालों पर किए गए स्थायी व अस्थायी अतिक्रमण को हटाया गया। उप जिलाधिकारी संजीव दीक्षित और एसीपी मंजय सिंह मौके पर पहुंचे और लोगों को दोबारा अतिक्रमण न करने की हिदायत दी।
जाम की बड़ी वजह बने अवैध टैक्सी व ई-रिक्शा स्टैंड
अधिशासी अधिकारी मनीष चौधरी ने बताया कि बर्राजपुर क्रॉसिंग के पास शिवली रोड पर लगने वाले टैक्सी और ई-रिक्शा स्टैंड के कारण अक्सर जाम की समस्या बनी रहती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह स्टैंड नगर पंचायत के अधीन नहीं है, जबकि उत्तरी बिल्हौर स्थित स्टैंड नगर पंचायत द्वारा संचालित किया जाता है।
स्थानीय लोगों ने जताई समस्या
स्थानीय लोगों ने बताया कि पुराने जीटी रोड स्थित शिवली रोड तिराहे के पास फुटपाथ पर संचालित अवैध स्टैंड के कारण चौबेपुर, शिवराजपुर और कानपुर जाने वाले मार्ग पर लगातार जाम की स्थिति बनी रहती है।
अधिकारी रहे मौजूद
अभियान के दौरान नायब तहसीलदार रंजीत यादव, लिपिक अतुल दुबे सहित अन्य अधिकारी और पुलिस बल मौजूद रहा।