नीलगाय की गोली मारकर हत्या, विरोध करने पर ग्रामीण पर चाकू से हमला; क्षेत्र में दहशत

Share your love

 Mediawali news, kanpur

अल्लीपुर गांव के जंगल में सनसनीखेज वारदात, आरोपी फरार

कानपुर/बिल्हौर। बिल्हौर थाना क्षेत्र के अल्लीपुर गांव स्थित जंगल में संरक्षित वन्यजीव नीलगाय की गोली मारकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना का विरोध करने पर एक ग्रामीण पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिससे वह घायल हो गया। इस घटना से क्षेत्र में दहशत और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।

ग्रामीण ने पकड़ा शिकार करते हुए, चाकू से किया हमला

ग्रामीण नितिन शर्मा ने बताया कि शुक्रवार देर शाम जंगल की ओर से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। अनहोनी की आशंका पर वह अपने मित्र सुमित और उमेश के साथ मौके पर पहुंचे। वहां उन्होंने एक नीलगाय को मृत अवस्था में पड़ा देखा, जबकि तीन युवक धारदार हथियार से उसका मांस काट रहे थे। विरोध करने पर एक आरोपी ने चाकू निकालकर नितिन पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गए। शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

पुलिस और वन विभाग ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। थाना पुलिस और वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। वन विभाग ने नीलगाय के शव को कब्जे में लेकर पशु चिकित्सक की देखरेख में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मृत्यु के सटीक कारणों की पुष्टि हो सके।

वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई

वन क्षेत्राधिकारी विजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि नीलगाय (वैज्ञानिक नाम: Boselaphus tragocamelus) संरक्षित वन्यजीव श्रेणी में आती है। बिना अनुमति शिकार करना वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत दंडनीय अपराध है। दोषियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।

आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश

थाना प्रभारी सुधीर कुमार ने बताया कि घायल ग्रामीण का उपचार कराया गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। संदिग्धों की पहचान के लिए आसपास के गांवों में पूछताछ और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस ने जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।

Shiva dulare
Shiva dulare
Articles: 118

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us