ईंट-भट्ठा श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा पर प्रशासन सख्त, डीएम ने दिए ठोस निर्देश

Share your love
Kanpur news
प्रवासी बच्चों की पढ़ाई बाधित नहीं होगी: डीएम

कानपुर नगर कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में ईंट-भट्ठों पर कार्यरत प्रवासी श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं को लेकर अहम निर्णय लिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी परिस्थिति में इन बच्चों की पढ़ाई बाधित नहीं होने दी जाएगी।

शारदा योजना से जोड़े जाएंगे सभी चिन्हित बच्चे

बैठक में बताया गया कि अधिकांश श्रमिक उड़ीसा सहित अन्य राज्यों से नवंबर-दिसंबर में जनपद आते हैं और कुछ महीनों के बाद वापस लौट जाते हैं। इससे उनके बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है। डीएम ने निर्देश दिया कि ऐसे सभी बच्चों का चिन्हीकरण कर उन्हें शारदा योजना (स्कूल हर दिन आए) के तहत स्कूलों से जोड़ा जाए। नामांकन से पहले बच्चों को ब्रिज कोर्स कराया जाएगा और फिर उनकी आयु के अनुसार कक्षा में प्रवेश दिया जाएगा।

प्रवासन के समय टीसी और अभिलेख उपलब्ध कराने के निर्देश

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रवासन की स्थिति में बच्चों को टीसी, अंकपत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज समय से उपलब्ध कराए जाएं, ताकि वे अपने गृह जनपद में पढ़ाई जारी रख सकें। बीएसए को निर्देश दिया गया कि सभी चिन्हित बच्चों का निकटवर्ती परिषदीय विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित कराया जाए और उनका आधार पंजीकरण भी कराया जाए।

भट्ठा स्थलों पर बच्चों के लिए क्रेच और स्वच्छ सुविधाएं

डीएम ने ईंट-भट्ठा स्थलों पर श्रमिकों और उनके बच्चों के लिए क्रेच, खेल क्षेत्र, स्वच्छ पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों से किसी भी हालत में श्रम न कराया जाए और श्रम कानूनों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।

10 हजार से अधिक श्रमिक बीओसीडब्ल्यू में पंजीकृत

सहायक श्रम आयुक्त राम लखन पटेल ने बताया कि बिल्ड एंड अदर कंस्ट्रक्शन वर्कर (BOCW) के तहत जनपद में 10,032 श्रमिक पंजीकृत हैं। उन्होंने भट्ठा मालिकों से सभी श्रमिकों का अनिवार्य पंजीकरण कराने की अपील की, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।

बैठक में अधिकारी और ईंट-भट्ठा एसोसिएशन के पदाधिकारी मौजूद

बैठक में ईंट-भट्ठा एसोसिएशन के गोपी श्रीवास्तव, सुभाष महाना, राकेश वर्मा, जागृति बाल विकास समिति की विजया रामचंद्रन समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Shiva dulare
Shiva dulare
Articles: 118

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us