वोट चोरी पर राहुल गांधी का हमला: हरियाणा से बिहार तक चुनावी धांधली का आरोप

Share your love
कांग्रेस नेता बोले — 25 लाख फर्जी वोटों ने हरियाणा में बदला नतीजा, अब वही साज़िश बिहार में

 

देश के 12 राज्यों में एसआईआर प्रक्रिया शुरू होने के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। गुरुवार को उन्होंने इस विषय पर विस्तृत प्रेजेंटेशन देते हुए दावा किया कि हरियाणा, कर्नाटक और महाराष्ट्र में बड़े पैमाने पर मतदाता सूची में हेरफेर की गई है।

राहुल गांधी ने कहा कि हरियाणा में पहली बार पोस्टल बैलट और वास्तविक वोटों का रुझान अलग रहा। पोस्टल बैलट में कांग्रेस को 76 और बीजेपी को सिर्फ 17 सीटें मिलतीं, जबकि सामान्यत: दोनों के रुझान समान होते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एग्जिट पोल और पोस्टल बैलट में कांग्रेस आगे थी, लेकिन आखिरकार 22,779 वोटों से हार गई।

कांग्रेस नेता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक युवती की तस्वीर दिखाते हुए कहा कि यह लड़की 22 अलग-अलग जगहों पर अलग-अलग नामों से वोटर लिस्ट में दर्ज है। कहीं उसका नाम सीमा, कहीं सरस्वती बताया गया है। राहुल ने सवाल किया, “हरियाणा की वोटर लिस्ट में ब्राजीलियन मॉडल का नाम कैसे आया?”

उन्होंने दावा किया कि हरियाणा में पांच श्रेणियों में करीब 25 लाख फर्जी वोट दर्ज किए गए हैं — जिनमें 5.21 लाख डुप्लीकेट वोटर, 93,174 गलत पते वाले मतदाता और 19.26 लाख बल्क वोटर शामिल हैं। राहुल के अनुसार, हरियाणा में कुल दो करोड़ मतदाता हैं, यानी हर आठवां वोटर फर्जी था।

राहुल गांधी ने एक बूथ का उदाहरण देते हुए कहा कि “एक ही महिला का नाम 223 बार लिस्ट में दर्ज मिला। चुनाव आयोग को जवाब देना चाहिए कि उसने कितनी बार वोट डाला।”

उन्होंने चेतावनी दी कि बिहार में भी यही साजिश दोहराई जा रही है। राहुल ने मंच पर कुछ ऐसे मतदाताओं को बुलाया, जिनके नाम वोटर लिस्ट से काट दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि लाखों लोगों के पूरे परिवारों के नाम सूची से हटा दिए गए हैं।

युवाओं से अपील करते हुए राहुल गांधी ने कहा, “भारत के जेन-ज़ी और युवा ही सत्य और अहिंसा के रास्ते पर चलकर लोकतंत्र की रक्षा कर सकते हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us