क्या जेल की सलाखें अनंत सिंह की ‘मीठी जीत’ को रोक पाएंगी?
बिहार चुनाव परिणाम से पहले मोकामा में जश्न की तैयारी
बिहार चुनाव में मतदान के बाद अब फाइनल रिजल्ट का काउंटडाउन शुरू हो गया है। कल सुबह 8 बजे जब EVM खुलेगी, जनादेश किसके पक्ष में आएगा? इसका सभी को बेसब्री से इंतजार है, पूरे बिहार में अभी से ‘जश्न ए जीत’ की तैयारियां शुरू हो गई हैं।
मोकामा के बाहुबली अनंत सिंह पर समर्थकों का अटूट भरोसा
इस लिस्ट में सबसे चर्चित नाम है मोकामा के बाहुबली अनंत सिंह का जो कि अभी जेल में बंद हैं। अनंत सिंह की JDU उम्मीदवारी पर उनके समर्थकों को इतना ज्यादा भरोसा है कि उनके पटना स्थित मॉल रोड आवास पर ‘जश्न-ए-विजय’ की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। आवास पर एक से डेढ़ लाख लोगों को बुलाने के लिए विशाल पंडाल सजाया गया है।
चार लाख मिठाइयां और 56 भोग – मीठे जश्न की भव्य तैयारी
समर्थकों का दावा है कि जीत के बाद मोकामा एक बार फिर से अनंत सिंह के नाम पर गूंजेगा। आज सुबह से ही 4 लाख से ज्यादा मिठाइयां बनाने की तैयारियां की जा रही हैं, जिनमें करीब एक लाख रसगुल्ले शामिल हैं। इसके लिए 200 क्विंटल दूध और डेढ़ क्विंटल खोया मंगवाया गया है। पूड़ी, पुलाव, दाल और कई प्रकार की सब्जियां, कुल मिलाकर डेढ़ लाख लोगों के लिए भोजन का इंतजाम किया जा रहा है। जीत के बाद पर 56 प्रकार के भोग लगाए जाएंगे, जो समर्थकों के बीच वितरित होंगे।
अपराध मामलों के बावजूद अनंत सिंह का अटूट जनाधार
अनंत सिंह दुलारचंद हत्याकांड के सिलसिले में जेल में बंद हैं, चुनाव प्रचार के दौरान उनकी गिरफ्तारी हुई थी। 2005 से मोकामा पर उनका कब्जा रहा है—2005 और 2010 में JDU से, 2015 में निर्दलीय और 2020 में RJD से जीत हासिल की है। 2022 में दोषी ठहराए जाने पर अयोग्य घोषित हुए, लेकिन 2025 में JDU ने फिर टिकट दिया।
एग्जिट पोल में बढ़त, मुकाबला वीणा देवी और प्रियदर्शी से
अनंत सिंह का मुकाबला RJD की वीणा देवी और जन सुराज के प्रियदर्शी से है। एग्जिट पोल्स में अनंत सिंह को 52.72% वोट के साथ बढ़त दिख रही है।