बंगाल में निलंबित TMC विधायक ने बाबरी की तर्ज पर मस्जिद की नींव रखी, 2 लाख से ज्यादा लोग हुए शामिल
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा में शनिवार को बड़ा धार्मिक और राजनीतिक कार्यक्रम देखने को मिला। TMC से निलंबित विधायक हुमायूं कबीर ने अयोध्या की बाबरी मस्जिद की तर्ज पर बनने वाली प्रस्तावित मस्जिद की आधारशिला रखी। उन्होंने मौलवियों के साथ फीता काटकर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की। इस दौरान मंच से नारे भी लगाए गए।
कार्यक्रम में भीड़ का आकार अनुमान से काफी बड़ा रहा। राज्य के अलग-अलग जिलों से आए 2 लाख से अधिक लोग ईंट लेकर शिलान्यास स्थल पर पहुंचे। किसी के हाथ में ईंटें थी, तो कोई ट्रैक्टर-ट्रॉली, रिक्शा या वैन से अपना योगदान लेकर आया। भीड़ को देखते हुए पूरे इलाके में सुरक्षा बेहद सख्त की गई थी।
बेलडांगा और आसपास के क्षेत्र में 19 केंद्रीय सुरक्षा बलों की टीमें, रैपिड एक्शन फोर्स, बीएसएफ और स्थानीय पुलिस समेत 3,000 से अधिक जवान तैनात किए गए। प्रशासन ने सुबह से ही इलाके को हाई अलर्ट पर रखा।
हुमायूं कबीर का दावा—कार्यक्रम रोकने की कोशिश हुई
हुमायूं कबीर ने कार्यक्रम से पहले आरोप लगाया कि कुछ लोग हिंसा भड़का कर कार्यक्रम रुकवाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन वे किसी भी हाल में मस्जिद की आधारशिला रखेंगे। उन्होंने कहा कि वे कलकत्ता हाईकोर्ट के आदेशों के अनुसार ही आगे बढ़ रहे हैं।
हाईकोर्ट ने रोक लगाने से किया इनकार
शुक्रवार को कोलकाता हाईकोर्ट ने मस्जिद निर्माण पर रोक लगाने की मांग वाली याचिका को खारिज कर दिया था। कोर्ट ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान शांति बनाए रखना राज्य सरकार की जिम्मेदारी होगी। इसके बाद हुमायूं कबीर ने शनिवार को मस्जिद की नींव रख दी।
विशाल आयोजन, सऊदी से आए धार्मिक नेता
कार्यक्रम 25 बीघा जमीन पर आयोजित किया गया था। आयोजन के लिए 150 फीट लंबा और 80 फीट चौड़ा मंच तैयार किया गया, जहां 400 से ज्यादा लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई।
सऊदी अरब से धार्मिक नेताओं के आने की भी जानकारी सामने आई है।
भारी भीड़ को देखते हुए 60,000 से अधिक बिरयानी पैकेट तैयार किए गए और 2,000 से ज्यादा वॉलंटियर्स तैनात किए गए।
राजनीतिक विवाद तेज
BJP नेता दिलीप घोष ने इस कार्यक्रम को “मुस्लिम वोट बैंक की राजनीति” बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि TMC और हुमायूं कबीर के बीच गुप्त तालमेल है।
वहीं, भाजपा के अमित मालवीय ने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इस कार्यक्रम को राजनीतिक फायदा उठाने के लिए होने दे रही हैं, जिससे संवेदनशील इलाकों में तनाव बढ़ सकता है।
TMC ने कबीर को किया सस्पेंड
हुमायूं कबीर की घोषणा के बाद बढ़ते विवाद को देखते हुए TMC ने 4 दिसंबर को उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया था। कबीर ने कहा कि वे अपने फैसले पर कायम हैं और 22 दिसंबर को अपनी नई पार्टी की घोषणा करेंगे।