अप्रकाशित किताब को लेकर संसद में बवाल, राहुल गांधी–राजनाथ सिंह में तीखी बहस
संसद में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान पूर्व आर्मी चीफ जनरल मनोज मुकुंद नरवणे की अप्रकाशित किताब को लेकर लोकसभा में जोरदार हंगामा हुआ। नेता विपक्ष राहुल गांधी द्वारा किताब का हवाला देकर चीन की कथित घुसपैठ पर सवाल उठाने के बाद सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने आ गए।
राहुल गांधी ने उठाए चीन घुसपैठ के सवाल
राहुल गांधी ने कहा कि चीनी सेना भारतीय सीमा में घुसपैठ कर रही है। उन्होंने दावा किया कि पूर्व आर्मी चीफ जनरल नरवणे ने अपनी किताब में इसका उल्लेख किया है। राहुल के इस बयान पर सदन में हंगामा शुरू हो गया। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राहुल गांधी का समर्थन करते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष को अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की आपत्ति
राहुल गांधी के बयान पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कड़ा ऐतराज जताया। उन्होंने कहा कि जिस किताब का हवाला दिया जा रहा है, वह अभी प्रकाशित ही नहीं हुई है। ऐसे में उसका संदर्भ देना अनुचित है। राजनाथ सिंह ने राहुल गांधी से अपने दावों को साक्ष्यों के साथ प्रमाणित करने को कहा और बिना तथ्य आरोप लगाने से बचने की नसीहत दी।
स्पीकर ओम बिरला ने जताई नाराजगी
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने राहुल गांधी के बयान पर आपत्ति जताते हुए कहा कि राष्ट्रपति के अभिभाषण में भारत-चीन संबंधों का कोई उल्लेख नहीं है। उन्होंने सदन को नियमों के तहत चलाने की बात कही और नेता प्रतिपक्ष से विषय पर ही चर्चा करने की अपेक्षा जताई। बार-बार नियमों की अनदेखी पर स्पीकर ने कड़ी टिप्पणी भी की।
राहुल गांधी की सफाई
राहुल गांधी ने सफाई देते हुए कहा कि उनका मुद्दा चीन नहीं बल्कि प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री के चरित्र से जुड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष की देशभक्ति पर सवाल उठाती है, लेकिन उन्हें अपनी बात रखने का अवसर नहीं दिया जा रहा।
अमित शाह का विपक्ष पर हमला
गृह मंत्री अमित शाह ने राहुल गांधी पर सदन के नियम तोड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष द्वारा लगाए गए आरोप निराधार हैं और सदन की गरिमा को ठेस पहुंचाई गई है।
कार्यवाही स्थगित
सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच बढ़ते हंगामे के चलते लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही दोपहर 3 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।