43 दिन बाद खत्म हुआ अमेरिका का सरकारी शटडाउन, राष्ट्रपति ट्रंप ने किया फंडिंग बिल पर हस्ताक्षर

Share your love

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार रात सरकारी फंडिंग बिल पर हस्ताक्षर कर दिए, जिससे अमेरिका में चल रहा रिकॉर्ड 43 दिन लंबा सरकारी शटडाउन आखिरकार खत्म हो गया। इस फैसले से लाखों सरकारी कर्मचारियों और आम नागरिकों ने राहत की सांस ली है।यह शटडाउन अमेरिकी इतिहास का सबसे लंबा था, जिसने देश की अर्थव्यवस्था, प्रशासनिक कामकाज और आम जनजीवन को गहराई से प्रभावित किया। कई फेडरल कर्मचारियों को 43 दिनों तक वेतन नहीं मिला, एयरपोर्ट पर यात्रियों की लंबी कतारें लगीं, और फूड बैंक में भीड़ बढ़ गई।

राष्ट्रपति ट्रंप ने हस्ताक्षर करने के बाद अमेरिकी जनता से कहा, “मैं बस इतना कहना चाहता हूं कि अमेरिकी लोग इसे भूलें नहीं। जब अगले साल मिडटर्म चुनाव आएँ, तो याद रखें कि डेमोक्रेट्स ने हमारे देश के साथ क्या किया।” ट्रंप ने इस पूरे संकट के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी को जिम्मेदार ठहराया। उनका कहना है कि विपक्ष ने अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए सरकार को बंद होने दिया। वहीं, डेमोक्रेट्स का कहना है कि वे स्वास्थ्य बीमा कानून (Affordable Care Act) के तहत मिलने वाली टैक्स क्रेडिट सुविधा को बढ़ाने की मांग कर रहे थे, जो इस साल खत्म हो रही थी। उन्होंने कहा कि वे किसी ऐसे अस्थायी फंडिंग बिल को मंजूरी नहीं देंगे जिसमें यह मुद्दा शामिल न हो।

रिपब्लिकन सांसदों ने इसे एक अलग नीति विवाद बताया। हाउस एप्रोप्रिएशंस कमेटी के चेयरमैन टॉम कोल ने कहा, “हमने 43 दिन पहले ही कहा था कि सरकार बंद करने से कोई फायदा नहीं होता। आज भी वही हुआ न तो आप अपना लक्ष्य हासिल कर पाए और न ही देश को राहत मिली।” यह बिल बुधवार को हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में 222-209 वोटों से पारित हुआ, जबकि सीनेट ने इसे पहले ही मंजूरी दे दी थी। शटडाउन के दौरान ट्रंप प्रशासन ने कुछ एकतरफा कदम उठाए, जैसे कि परियोजनाएँ रद्द करना और कर्मचारियों को हटाने की कोशिश, जिससे राजनीतिक तनाव और बढ़ गया। अब सरकार के दोबारा शुरू होने से उम्मीद है कि फेडरल सेवाएँ, ट्रैवल व्यवस्था, और आर्थिक गतिविधियाँ धीरे-धीरे सामान्य होंगी।

navya seth
navya seth
Articles: 306

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us