योगी सरकार का बड़ा फैसला: यूपी पुलिस भर्ती में आयु सीमा पर 3 साल की राहत, जानें पूरा अपडेट

Share your love

लाखों युवाओं को मिलेगा आवेदन का मौका

उत्तर प्रदेश सरकार ने पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर यूपी पुलिस और जेल विभाग की सीधी भर्ती में आयु सीमा को लेकर अहम फैसला लिया गया है। प्रदेश में 32,679 सिपाही और समकक्ष पदों पर होने वाली भर्ती में सभी वर्गों के अभ्यर्थियों को अधिकतम आयु सीमा में तीन वर्ष की छूट दी गई है।

एक बार के लिए लागू होगी आयु में छूट

यह निर्णय उन अभ्यर्थियों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, जो आयु सीमा के कारण अब तक आवेदन नहीं कर पा रहे थे। 31 जनवरी से शुरू हुई इस भर्ती के लिए लगातार आयु सीमा बढ़ाने की मांग की जा रही थी। सरकार ने साफ किया है कि यह आयु शिथिलीकरण एक बार के लिए दिया जा रहा है।

किन पदों पर मिलेगा आयु शिथिलीकरण

गृह विभाग की ओर से जारी शासनादेश के अनुसार, यह छूट आरक्षी नागरिक पुलिस (पुरुष/महिला), आरक्षी पीएसी/सशस्त्र पुलिस (पुरुष), आरक्षी विशेष सुरक्षा बल (पुरुष), महिला बटालियन में महिला आरक्षी, आरक्षी घुड़सवार पुलिस (पुरुष) और जेल वार्डर (पुरुष एवं महिला) पदों पर लागू होगी। यह फैसला उत्तर प्रदेश लोक सेवा (भर्ती के लिए आयु सीमा का शिथिलीकरण) नियमावली-1992 के नियम-3 के तहत लिया गया है।

अब कौन कर सकेगा आवेदन

इस फैसले के बाद सामान्य और ईडब्ल्यूएस वर्ग के वे अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे, जिनकी आयु 25 वर्ष से कम है। महिलाओं को भी अधिकतम आयु सीमा में तीन वर्ष की अतिरिक्त छूट दी गई है। वहीं, अन्य पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के 30 वर्ष से कम आयु वाले अभ्यर्थी भी इस भर्ती में आवेदन के पात्र होंगे।

पहले क्या थी आयु सीमा

भर्ती बोर्ड की ओर से पहले जारी विज्ञप्ति में सामान्य और ईडब्ल्यूएस वर्ग के पुरुषों के लिए अधिकतम आयु 22 वर्ष और महिलाओं के लिए 25 वर्ष तय की गई थी। ओबीसी, एससी और एसटी वर्ग को पहले से पांच वर्ष की छूट मिल रही थी। सामान्य वर्ग के अभ्यर्थी लंबे समय से आयु सीमा में छूट की मांग कर रहे थे।

आवेदन संख्या 40 लाख के पार जाने की उम्मीद

सरकार के इस फैसले के बाद सिपाही और समकक्ष पदों पर भर्ती के लिए आवेदन संख्या में बड़ा इजाफा होने की संभावना है। पहले जहां करीब 30 लाख आवेदन आने का अनुमान था, वहीं अब यह संख्या 40 लाख से अधिक हो सकती है। इससे पहले दो साल पहले 60,244 पदों पर भर्ती के लिए करीब 48 लाख आवेदन आए थे, तब कोरोना महामारी के चलते तीन वर्ष की छूट दी गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us