वैलेंटाइन वीक ने बढ़ाई बाजार की धड़कन, 200 करोड़ से अधिक का कारोबार

Share your love
Noida news

फूल, चॉकलेट और उपहारों की रिकॉर्ड बिक्री

नोएडा में वैलेंटाइन वीक का अंतिम दिन फूलों की महक और चॉकलेट की मिठास से सराबोर रहा। प्रेम सप्ताह के चलते शहर के बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिली। युवाओं ने अपने पार्टनर के लिए फूलों के बुके, चॉकलेट, इत्र, जूलरी और गिफ्ट आइटम्स की जमकर खरीदारी की। व्यापारियों के अनुसार इस बार वैलेंटाइन वीक के दौरान करीब 200 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ।

सेक्टर-18, सेक्टर-62, ग्रेटर नोएडा वेस्ट, डीएलएफ मॉल ऑफ इंडिया, जीआईपी मॉल और गार्डन गलेरिया में देर रात तक ग्राहकों की भीड़ रही। फूल विक्रेताओं ने बताया कि सामान्य दिनों की तुलना में बिक्री तीन से चार गुना तक बढ़ गई। रेड रोज और बुके की सबसे ज्यादा मांग रही। गिफ्ट शोरूम संचालकों के अनुसार कपल गिफ्ट पैक, टेडी बियर, हैंडमेड कार्ड और लग्जरी गिफ्ट आइटम्स पर युवाओं ने जमकर खर्च किया।

होटल, कैफे, पब और सिनेमाघरों में रही खास रौनक

वैलेंटाइन वीक के चलते होटल, रेस्तरां, कैफे, पब और बार भी पूरी तरह गुलजार रहे। होटल संचालकों के मुताबिक स्पेशल डिनर पैकेज, लाइव म्यूजिक और कपल ऑफर्स के कारण अधिकांश जगहों पर एडवांस बुकिंग फुल रही। पब और बार में देर रात तक युवाओं की चहल-पहल बनी रही।

सिनेमाहालों और मल्टीप्लेक्स में रोमांटिक फिल्मों के शो हाउसफुल रहे, वहीं मॉल्स में खरीदारी के साथ मनोरंजन गतिविधियों ने भी ग्राहकों को आकर्षित किया। सेक्टर-18 मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील कुमार जैन के अनुसार पूरे सप्ताह जिले में करीब 200 करोड़ रुपये से अधिक के कारोबार का अनुमान है। युवाओं की बढ़ती खर्च करने की प्रवृत्ति के कारण बाजार से लेकर पब-बार तक जबरदस्त भीड़ देखने को मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us