स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा, जनता तक गुणवत्तापूर्ण सेवाएं पहुंचाने पर जोर
नोएडा विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) डॉ. शिवाकांत द्विवेदी की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति-शासी निकाय की बैठक हुई। बैठक में जिले में चल रहे सभी स्वास्थ्य कार्यक्रमों और सेवाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। सीडीओ ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि हर नागरिक को समय पर और अच्छी गुणवत्ता की स्वास्थ्य सुविधा मिले। इसके लिए सभी अधिकारियों को योजनाओं को ईमानदारी से लागू करना होगा ताकि लाभ हर व्यक्ति तक पहुंच सके।
स्वास्थ्य विभाग ने पेश की रिपोर्ट
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. नरेंद्र कुमार ने बैठक में पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के जरिए स्वास्थ्य विभाग के कामों की जानकारी दी। इसमें मरीजों की संख्या, संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने की योजना, टीबी उन्मूलन अभियान, ई-संजीवनी टेली मेडिसिन सेवा, आयुष्मान कार्ड, सैम बच्चों का उपचार, एनसीडी स्क्रीनिंग और वेक्टर जनित रोग नियंत्रण जैसे मुद्दों पर जानकारी दी गई।
सीडीओ ने दिए कई अहम निर्देश
सीडीओ डॉ. द्विवेदी ने कहा कि यूपी हेल्थ डैशबोर्ड में जिले की रैंक सुधारना जरूरी है। इसके लिए सभी ब्लॉकों में डेटा समय पर अपडेट किया जाए। उन्होंने कहा कि ई-संजीवनी सेवा में अच्छा प्रदर्शन न करने वाले स्वास्थ्य अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रमों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए और कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आयुष्मान कार्ड को लेकर विशेष अभियान चलेगा
सीडीओ ने कहा कि जिले के सभी सरकारी और निजी अस्पतालों, राशन डीलरों और स्कूलों में 70 वर्ष से अधिक आयु वाले पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड प्राथमिकता से बनाए जाएं। उन्होंने निर्देश दिया कि कोई भी पात्र व्यक्ति इस योजना से वंचित न रहे, इसके लिए विशेष जागरूकता और कैम्प आधारित अभियान चलाया जाएगा।
नवजात शिशु देखभाल सप्ताह का आयोजन
डीपीएम डॉ. मंजीत ने बताया कि 9 से 21 नवंबर तक नवजात शिशु देखभाल सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान सभी स्वास्थ्य इकाइयों में कंगारू मदर केयर, स्तनपान, और मातृ पोषण पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।