शिवराजपुर में नाला निर्माण के गुणवत्ता में धांधली
ठेकेदारों की मनमानी से गुणवत्ता से समझौता करने का आरोप
कानपुर के शिवराजपुर नगर पंचायत क्षेत्र में चल रहे नाला निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि नाला निर्माण में तय मानकों की अनदेखी की जा रही है और ठेकेदार मनमानी तरीके से गुणवत्ता विहीन कार्य करा रहे हैं।
तय मानकों के विपरीत हो रहा निर्माण
स्थानीय लोगों के अनुसार नाला निर्माण की स्वीकृत योजना के तहत इसकी चौड़ाई 18 इंच और गहराई 3 फीट होनी थी। इसके साथ ही निचले स्तर पर गिट्टी और अन्य निर्माण सामग्री डालकर मजबूती के साथ कुटाई की जानी थी। लेकिन वर्तमान में किए जा रहे निर्माण में कई स्थानों पर केवल नाममात्र की गिट्टी पाई गई है, जिससे नाले की मजबूती पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
भविष्य में गिरने का खतरा
ग्रामीणों का कहना है कि नगर पंचायत में विकास कार्य हो रहे हैं, यह स्वागत योग्य है, लेकिन नाला निर्माण में जिस तरह से गुणवत्ता के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है, उससे यह निर्माण आने वाले समय में धराशायी हो सकता है। लोगों का मानना है कि कमजोर निर्माण से बरसात के मौसम में गंभीर समस्याएं पैदा हो सकती हैं।
ग्रामीणों में बढ़ता आक्रोश
नाला निर्माण को लेकर क्षेत्रीय लोगों में लगातार रोष बना हुआ है। उनका आरोप है कि संबंधित अधिकारी इस पूरे मामले में आंखें मूंदे हुए हैं और सवाल पूछने पर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ रहे हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराई जाए और मानकों के अनुसार दोबारा कार्य कराया जाए