रमजान की बरकत से बढ़ी फेनी और खजला की मांग
नई दिल्ली
कारोबारी की चांदी ही चांदी, अकीदतमंदों की उमड़ी भीड़
रमजान की बरकत का असर फेनी और खजला जैसे व्यंजनों पर भी हुआ है। फेनी और खजला की मांग बढ़ गई है। मटिया महल बाजार में दुकानों पर अकीदतमंदों की भीड़ उमड़ रही है। ऐसे में कारोबारियों में उत्साह का माहौल है। कारोबारियों का कहना है कि मांग बढ़ने से रमजान में इस बार अधिक मुनाफा होने की उम्मीद है। ऐसे में कारोबारियों की चांदी ही चांदी हो गई है।
रंग-बिरंगी रोशनी से रौशन मटिया महल बाजार में खजला 300 रुपये किलोग्राम बिक रहे हैं। फेनी 280 रुपये किलोग्राम बिक रहे हैं। इसके अलावा अकीदतमंद मिठाई का भी खूब लुत्फ उठा रहे हैं। बाजार में इन दिनों जलेबी 300 रुपये किलोग्राम बिक रहे हैं। शाही टुकड़े के साथ-साथ गुलाब जामुन भी लोगों को खूब पसंद आ रहे हैं।
रात में बढ़ जाती है अकीदतमंदों की भीड़
फेनी दुकानदार साकिब ने बताया कि शाम होते ही मटिया महल की गलियां अकीदतमंदों और खाने-पीने की शौकीनों से खचाखच भर जाता है। सहरी और इफ्तार के लिए जरूरी सामान की खरीदारी के बीच सबसे ज्यादा मांग फेनी और खजला की होती है। उन्होंने बताया कि रोजेदार इसे सहरी के वक्त दूध के साथ खाते हैं। इससे न केवल पेट भरता है, बल्कि इसका जायका भी बेहतरीन होता है।
तहजीब और स्वाद का संगम है यह बाजार
दुकानदार राशिद अहमद ने बताया कि मटिया महल केवल एक बाजार नहीं, बल्कि तहजीब और स्वाद का संगम है। यहां की संकरी गलियों में कबाब और बिरयानी की महक के बीच फेनी-खजले का मीठा स्वाद रमजान के महीने को और भी खास बना देता है। वहीं, देर रात तक गुलजार रहने वाले इस बाजार में सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं ताकि खरीदारी करने आए लोगों को किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।