प्रधानमंत्री मुद्रा लोन के नाम पर ठगी करने वाला 25 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार

Share your love

कानपुर/बिल्हौर:
बिल्हौर पुलिस ने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत लोन दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को रविवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पिछले ढाई वर्ष से फरार चल रहा था और पुलिस को लंबे समय से उसकी तलाश थी। पुलिस ने उसे बिल्हौर रेलवे स्टेशन के पास से दबोच लिया।

फर्जी लोन दिलाने का झांसा देकर वसूली करता था पैसा

थाना प्रभारी सुधीर कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी राहुल भदौरिया कानपुर के दबौली वेस्ट कच्ची क्षेत्र का निवासी है और पिछले कुछ समय से लखनऊ में किराए के मकान में रह रहा था। वर्ष 2023 में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर एक गिरोह बनाया और प्रधानमंत्री मुद्रा लोन दिलाने के नाम पर लोगों को झांसा देना शुरू किया।

गिरोह द्वारा पोस्टर और पंपलेट के जरिए प्रचार किया जाता था। लोगों से सर्विस टैक्स, बीमा शुल्क और फाइल चार्ज के नाम पर पैसे वसूले जाते थे, लेकिन लोन नहीं दिलाया जाता था। आरोपी फर्जी नाम, मोबाइल नंबर और जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल कर लोगों को भ्रमित करता था।

कई लोगों से की गई ठगी, शिकायतें दर्ज

माखनपुरवा निवासी माया देवी समेत कई पीड़ितों ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि राहुल भदौरिया इस गिरोह का सरगना था और पूरे नेटवर्क को संचालित करता था।

गिरोह के सदस्य पहले ही पकड़े जा चुके

पुलिस के अनुसार, गिरोह के दो अन्य सदस्य पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पूछताछ में उन्होंने राहुल भदौरिया को मुख्य सरगना बताया था, जिसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।

न्यायालय में पेश कर भेजा गया जेल

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे जांच की जा रही है और ठगी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जाएगी।


Shiva dulare
Shiva dulare
Articles: 118

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us