पीएम सूर्यघर: मुफ्त बिजली योजना के तहत एक करोड़ घरों में सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य
Noida news
गौतमबुद्धनगर – भारत सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम सूर्यघर: मुफ्त बिजली योजना के तहत प्रदेशवासियों को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस योजना का उद्देश्य देशभर में एक करोड़ घरों की छतों पर सोलर पैनल स्थापित कर प्रतिमाह 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध कराना है।
300 यूनिट मुफ्त बिजली और ₹78,000 तक सब्सिडी
पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी एवं परियोजना अधिकारी यूपीनेडा गौतमबुद्धनगर लवेश कुमार सिसोदिया ने बताया कि योजना के तहत उपभोक्ताओं को सोलर संयंत्र लगाने पर सीधे बैंक खाते में सब्सिडी दी जा रही है।
-
1 किलोवाट क्षमता पर ₹30,000
-
2 किलोवाट क्षमता पर ₹60,000
-
3 किलोवाट क्षमता पर अधिकतम ₹78,000 तक सब्सिडी मिलेगी।
ऑनलाइन आवेदन की सरल प्रक्रिया
इच्छुक नागरिक योजना की आधिकारिक वेबसाइट pmsuryaghar.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन प्रक्रिया में पंजीकरण, डिस्कॉम से अनुमोदन, सोलर पैनल स्थापना, नेट मीटर विवरण और बैंक जानकारी अपलोड करना शामिल है। सभी प्रक्रिया पूरी होने के बाद सब्सिडी की राशि सीधे लाभार्थी के खाते में ट्रांसफर कर दी जाएगी।
बिना गारंटी ऋण सुविधा भी उपलब्ध
योजना के अंतर्गत 3 किलोवाट तक के सोलर संयंत्र लगाने के लिए लगभग 7 प्रतिशत ब्याज दर पर बिना गारंटी ऋण सुविधा भी दी जा रही है, जिससे आम नागरिकों को सोलर सिस्टम लगाने में आर्थिक सहायता मिलेगी।
पात्रता और आवश्यक दस्तावेज
योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक भारतीय नागरिक होना चाहिए, घर की छत सोलर पैनल के लिए उपयुक्त हो, वैध बिजली कनेक्शन होना जरूरी है और पहले किसी अन्य सोलर सब्सिडी योजना का लाभ नहीं लिया होना चाहिए।
आवश्यक दस्तावेजों में आधार कार्ड, नवीनतम बिजली बिल, बैंक पासबुक, मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी शामिल हैं