नोएडा सेक्टर-4 की बिजली मीटर फैक्ट्री में भीषण आग, 50 से ज्यादा कर्मचारी थे अंदर – रेस्क्यू के दौरान कई घायल
. सुबह करीब 6 बजे लगी आग, तीसरी मंजिल से कूदकर कर्मचारियों ने बचाई जान; दमकल की 7 गाड़ियों ने चलाया बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन
Mediawali news, नोएडा
गुरुवार सुबह नोएडा के थाना फेज-2 क्षेत्र के सेक्टर-4 स्थित बिजली मीटर बनाने वाली एक फैक्ट्री में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना सुबह करीब 6 बजे की बताई जा रही है। आग लगते ही फैक्ट्री के अंदर मौजूद कर्मचारियों में अफरातफरी मच गई और कई कर्मचारियों ने अपनी जान बचाने के लिए इमारत से नीचे कूदना शुरू कर दिया। जानकारी के मुताबिक उस समय फैक्ट्री में 50 से अधिक कर्मचारी मौजूद थे। आग की लपटें तेज होने के कारण कई कर्मचारी घबराकर इमारत से नीचे कूद गए, जिससे एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
तीसरी मंजिल से शुरू हुई आग
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग फैक्ट्री की तीसरी मंजिल से शुरू हुई। फैक्ट्री में बिजली के मीटर बनाए जाते हैं और यहां बड़ी मात्रा में प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील पदार्थ मौजूद थे, जिससे आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। फैक्ट्री में फंसे कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।
7 दमकल गाड़ियों ने संभाली स्थिति
आग की गंभीरता को देखते हुए मौके पर दमकल विभाग की सात गाड़ियों को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास तेज कर दिया। इस दौरान पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। घटना के बाद आसपास के इलाके में बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। फैक्ट्री से निकलते धुएं के गुबार और आग की लपटों ने इलाके में दहशत का माहौल बना दिया।
चीफ फायर ऑफिसर ने क्या कहा
गौतमबुद्ध नगर के चीफ फायर ऑफिसर प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि आग बुझाने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। उन्होंने कहा कि फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है और रेस्क्यू टीम यह सुनिश्चित कर रही है कि फैक्ट्री के अंदर कोई कर्मचारी फंसा न रह जाए।उन्होंने यह भी बताया कि एहतियात के तौर पर मौके पर कई एंबुलेंस भी तैनात की गई हैं।
आग लगने की वजह की जांच जारी
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और फायर विभाग की टीमें मौके पर जांच कर रही हैं। प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की जताई जा रही है, लेकिन आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।