नोएडा: पढ़ाई के दबाव में 12वीं की छात्रा ने की आत्महत्या, परिवार में मातम

Share your love
Noida news
सेक्टर-22 में गुरुवार शाम की दर्दनाक घटना

नोएडा के सेक्टर-22 में पढ़ाई के दबाव और कम नंबर आने के तनाव से जूझ रही 12वीं कक्षा की एक छात्रा ने गुरुवार शाम अपने घर के कमरे में आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-24 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल परिजनों की ओर से पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है।

 परिवार की स्थिति और घटना का समय

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, छात्रा के पिता मूल रूप से बागपत जिले के रहने वाले हैं और वर्तमान में सेक्टर-22 के एफ ब्लॉक में किराए के मकान में रहते हैं। वह सेक्टर-3 स्थित एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। परिवार में पत्नी, एक बेटी और एक बेटा है। मृतका 18 वर्षीय छात्रा एक ट्रस्ट संचालित स्कूल में कक्षा 12 में पढ़ाई कर रही थी, जबकि उसका छोटा भाई कक्षा आठ का छात्र है।

गुरुवार शाम छात्रा की मां किसी काम से बाजार गई थीं और भाई ट्यूशन पढ़ने गया था। इस दौरान छात्रा घर में अकेली थी। शाम करीब छह बजे जब भाई घर लौटा तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। उसने खिड़की से झांककर देखा तो बहन कमरे में फंदे पर लटकी हुई थी। बच्चे के रोने की आवाज सुनकर मकान मालिक भी मौके पर पहुंचे और छात्रा के पिता व पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा।

पढ़ाई का तनाव बना वजह

पुलिस के मुताबिक मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी पढ़ाई में कमजोर थी और 10वीं व 11वीं कक्षा में भी कम नंबर आए थे। हाल ही में हुई प्री-बोर्ड परीक्षा में भी कम अंक आने के बाद उसे बोर्ड परीक्षा में फेल होने का डर सता रहा था। इसी मानसिक तनाव के चलते वह पिछले कुछ दिनों से परेशान थी। पुलिस आशंका जता रही है कि इसी कारण छात्रा ने यह कदम उठाया।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और परिजनों से बातचीत की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
News
Videos
Audios
Work With Us